राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि सर्वेक्षण के काम में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मंत्री खुद हर महीने इस अभियान की समीक्षा करेंगे। वहीं, सर्वे निदेशालय में तैनात नोडल अधिकारी अपने जिम्मे वाले जिलों की रोजाना प्रगति पर नजर रखेंगे और इसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजेंगे।
हर जिले के कामकाज पर रहेगी नजर
सरकार ने अब जिलों के प्रदर्शन को परखने का तरीका भी तय कर दिया है। अधिकारियों का आकलन केवल इस आधार पर नहीं होगा कि कितना काम पूरा हुआ, बल्कि यह भी देखा जाएगा कि निर्धारित मासिक लक्ष्य के मुकाबले कितनी प्रगति हुई है। बंदोबस्त अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के काम की नियमित जांच करने और दिन के अंत में प्रगति का आकलन करने को कहा गया है। इससे जहां काम धीमा होगा, वहां समय रहते सुधार किया जा सकेगा।
जमीन विवाद कम करने में मिलेगी मदद
विशेष भूमि सर्वेक्षण का उद्देश्य केवल जमीन की मापी करना नहीं है, बल्कि जमीन से जुड़े रिकॉर्ड को स्पष्ट और अपडेट करना भी है। सरकार को उम्मीद है कि सर्वेक्षण पूरा होने के बाद भूमि विवादों में कमी आएगी। इससे लोगों को जमीन के दस्तावेजों, पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे और बैंक से ऋण लेने जैसी प्रक्रियाओं में भी आसानी हो सकती है। साथ ही जमीन से जुड़े मामलों में अदालतों और थानों पर पड़ने वाला दबाव भी कम होने की उम्मीद है।
36 जिलों के 444 अंचलों में चल रहा काम
राज्य में विशेष भूमि सर्वेक्षण का दूसरा चरण सभी 36 जिलों के 444 अंचलों में चल रहा है। इसके तहत कुल 37,430 मौजों में 8 करोड़ 70 लाख से अधिक खेसरों का सर्वेक्षण किया जाना है। इस बड़े अभियान को पूरा करने के लिए 6,772 अमीन तैनात किए गए हैं।
दरअसल, सरकार की नई निगरानी व्यवस्था से जमीन सर्वेक्षण के काम में तेजी आने की उम्मीद है। अब रोजाना की रिपोर्ट और मासिक समीक्षा के जरिए अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। इसका सीधा फायदा आने वाले समय में बिहार के उन लोगों को मिल सकता है, जो जमीन के सही रिकॉर्ड और विवादों के समाधान का इंतजार कर रहे हैं।
.png)
0 comments:
Post a Comment