केंद्र सरकार ने खोला खजाना! पोस्ट ऑफिस के लिए 1,491 करोड़ रुपये की मंजूरी

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने डाक विभाग को आधुनिक बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इंडिया पोस्ट के आधुनिकीकरण के लिए 1,491 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी गई है। यह राशि वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक यानी अगले पांच वर्षों में खर्च की जाएगी।

इस योजना का मुख्य उद्देश्य देशभर के पोस्ट ऑफिस की इमारतों को बेहतर बनाना, सुविधाओं का विस्तार करना और डाक सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ना है। इससे आम लोगों के साथ-साथ डाक विभाग के कर्मचारियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।

190 नए पोस्ट ऑफिस भवन बनाए जाएंगे

सरकार इस योजना के तहत 280 करोड़ रुपये खर्च करके 190 नए पोस्ट ऑफिस भवन बनाएगी। इसके अलावा 108 करोड़ रुपये की लागत से 50 पुराने और जर्जर भवनों की जगह नए भवन तैयार किए जाएंगे। इससे डाक विभाग को बेहतर कार्यस्थल मिलेगा और लोगों को भी सुरक्षित माहौल में सेवाएं मिल सकेंगी।

2,550 सब पोस्ट ऑफिस का होगा कायाकल्प

देशभर के 2,550 विभागीय सब पोस्ट ऑफिस को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इसके लिए 318 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। वहीं, किराये की इमारतों में चल रहे 2,500 पोस्ट ऑफिस को बेहतर बनाने और उनकी एक जैसी ब्रांडिंग के लिए 37.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

ऐतिहासिक इमारतों और कर्मचारियों पर भी ध्यान

डाक विभाग की पुरानी विरासत को सुरक्षित रखने के लिए 20 ऐतिहासिक पोस्ट ऑफिस भवनों का संरक्षण किया जाएगा। इस काम पर 180 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा कर्मचारियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 150 पोस्टल कॉलोनियों का नवीनीकरण किया जाएगा, जिस पर 357.50 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है।

महिलाओं और दिव्यांगों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

नई योजना में महिला और दिव्यांग लोगों की जरूरतों का भी ध्यान रखा गया है। पोस्ट ऑफिस में महिला टॉयलेट, बच्चों को दूध पिलाने के लिए फीडिंग रूम, दिव्यांगों के लिए रैंप और ब्रेल साइनबोर्ड जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही सोलर पावर और रेन वाटर हार्वेस्टिंग को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

तकनीक के मामले में भी मजबूत होगा डाक विभाग

बेंगलुरु में सेंटर फॉर एक्सीलेंस इन पोस्टल टेक्नोलॉजी के लिए स्थायी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा। इससे डाक विभाग की डिजिटल सेवाओं और स्वदेशी तकनीक को मजबूती मिलेगी। गौरतलब है कि इंडिया पोस्ट के देशभर में करीब 1.65 लाख पोस्ट ऑफिस हैं। इनमें बड़ी संख्या ग्रामीण क्षेत्रों में है। यहां बचत बैंक, बीमा, आधार और पासपोर्ट जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं।

0 comments:

Post a Comment