लर्निंग लाइसेंस टेस्ट पास करना होगा मुश्किल
प्रस्तावित बदलावों के अनुसार, लर्निंग लाइसेंस की परीक्षा में पास होने के लिए अब आवेदकों को कम से कम 75 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे। अभी यह सीमा 60 प्रतिशत है। सरकार का उद्देश्य है कि लाइसेंस लेने वाले लोगों को ट्रैफिक नियमों और सड़क सुरक्षा की बेहतर जानकारी हो। इसके अलावा सुरक्षित ड्राइविंग से संबंधित ऑनलाइन ट्यूटोरियल कम से कम 30 मिनट का करने का प्रस्ताव है। इसे पूरा करने के लिए आवेदकों को 7 दिन के बजाय 15 दिन का समय दिया जा सकता है।
आधार से अपडेट कराने पर नहीं लगेगी फीस
नए प्रस्ताव में वाहन चालकों को बड़ी राहत देने की भी तैयारी है। आधार ऑथेंटिकेशन के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने पर ड्राइविंग लाइसेंस में पता बदलने, मोबाइल नंबर जोड़ने या अपडेट करने और ईमेल आईडी में बदलाव जैसी निर्धारित सेवाओं के लिए शुल्क माफ करने का प्रस्ताव है। इससे लोगों को छोटे-छोटे बदलावों के लिए अतिरिक्त पैसे खर्च नहीं करने पड़ेंगे और आरटीओ कार्यालय के चक्कर भी कम लगाने पड़ सकते हैं।
आवेदन पर तय समय में होगा फैसला
प्रस्तावित नियमों में आवेदन निपटाने की समयसीमा भी तय करने की बात कही गई है। निजी जानकारी में बदलाव से जुड़े आवेदनों पर 15 दिनों के भीतर फैसला लेने का प्रावधान है। अगर आवेदन खारिज किया जाता है, तो उसका कारण बताना होगा। वहीं, पते में बदलाव के आवेदन पर 30 दिनों तक कोई निर्णय नहीं होने पर उसे स्वतः मंजूर मानने का प्रस्ताव भी शामिल है।
दस्तावेजों और लाइसेंस प्रक्रिया में भी बदलाव
मसौदे में पहचान और पते के प्रमाण के लिए आधार कार्ड, पासपोर्ट, वोटर आईडी, जन्म प्रमाणपत्र और बिजली या गैस बिल जैसे दस्तावेजों को शामिल करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा लाइसेंस आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने, आपातकालीन संपर्क और ब्लड ग्रुप जैसी जानकारियां जोड़ने तथा लाइसेंस कार्ड के प्रारूप को स्पष्ट करने की भी तैयारी है।
ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित कब लागू होंगे नए नियम?
फिलहाल ये सभी बदलाव प्रस्तावित हैं। मंत्रालय ने मसौदे पर आम लोगों से सुझाव और आपत्तियां मांगी हैं। इन पर विचार करने के बाद अंतिम अधिसूचना जारी की जाएगी। यानी अभी वाहन चालकों को नए नियम लागू होने का इंतजार करना होगा।
0 comments:
Post a Comment