LPG को लेकर आई बड़ी खुशखबरी! भारत का घरेलू उत्पादन 92 लाख मीट्रिक टन के पार

नई दिल्ली। देश में रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। मिडिल ईस्ट में तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में बाधा के कारण LPG आयात प्रभावित होने के बाद भारत ने घरेलू उत्पादन बढ़ाने पर जोर दिया है। इसका असर अब उत्पादन के आंकड़ों में भी दिखाई देने लगा है। अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच देश में LPG का उत्पादन रिकॉर्ड 92 लाख मीट्रिक टन तक पहुंच गया है।

भारत ने LPG गैस के उत्पादन में 24 फीसदी की बढ़ोतरी 

पेट्रोलियम प्लानिंग एंड एनालिसिस सेल (PPAC) के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल-अक्टूबर 2026 के दौरान LPG का औसत दैनिक उत्पादन करीब 43,333 टन रहा। यह पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले लगभग 24 फीसदी ज्यादा है। वहीं, औसत मासिक उत्पादन बढ़कर करीब 13 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। सरकार का उद्देश्य घरेलू उत्पादन बढ़ाकर विदेशी आयात पर निर्भरता कम करना है।

32 करोड़ से ज्यादा परिवार करते हैं LPG का इस्तेमाल

भारत में करीब 32.64 करोड़ परिवार खाना पकाने के लिए LPG का इस्तेमाल करते हैं। इनमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लगभग 10.57 करोड़ लाभार्थी शामिल हैं। पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई, जिससे भारत के LPG आयात पर भी दबाव पड़ा। ऐसे में घरेलू उत्पादन बढ़ाना जरूरी हो गया।

उत्पादन बढ़ा, लेकिन खपत में आई गिरावट

उत्पादन में रिकॉर्ड बढ़ोतरी के बावजूद LPG की खपत में कमी दर्ज की गई है। अक्टूबर 2026 में देश में करीब 25.2 लाख टन LPG की खपत हुई, जो पिछले साल के मुकाबले 12 फीसदी से अधिक कम है। वहीं, अप्रैल से अक्टूबर के बीच कुल खपत करीब 1.621 करोड़ टन रही। यह सालाना आधार पर 15 फीसदी से ज्यादा कम है।

0 comments:

Post a Comment