यूपी सरकार का बड़ा फैसला, 662 गांवों के लिए आई खुशखबरी!

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आसपास रहने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का दायरा बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एलडीए की सीमा का विस्तार करने के लिए अधिकारियों को ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। इस फैसले से लखनऊ के 662 ऐसे राजस्व गांवों को फायदा मिलने की उम्मीद है, जो अभी तक प्राधिकरण के अधिकार क्षेत्र से बाहर हैं।

662 गांवों को एलडीए में शामिल करने की तैयारी

दरअसल, एलडीए बोर्ड ने 5 जुलाई 2024 को हुई अपनी 181वीं बैठक में 662 राजस्व गांवों को अपने अधिकार क्षेत्र में शामिल करने का प्रस्ताव रखा था। अब मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद इस प्रस्ताव पर आगे की कार्रवाई तेज होने की उम्मीद है। फिलहाल एलडीए का अधिकार क्षेत्र करीब 1,051 वर्ग किलोमीटर में फैला है, जबकि लखनऊ जिले का कुल क्षेत्रफल लगभग 2,528 वर्ग किलोमीटर है। ऐसे में सीमा विस्तार होने पर प्राधिकरण का दायरा लगभग दोगुना हो सकता है।

इन इलाकों को मिलेगा फायदा

प्रस्ताव में सरोजनी नगर, काकोरी, मलिहाबाद, बीकेटी, गोसाईगंज और मोहनलालगंज सहित छह विकासखंडों के क्षेत्रों को शामिल करने की योजना है। इसके अलावा महोना, इटौंजा, मलिहाबाद, नगराम, अमेठी, काकोरी, बीकेटी, मोहनलालगंज, बंथरा और गोसाईगंज समेत 10 नगर पंचायतें भी इस विस्तार योजना का हिस्सा हैं।

लोगों को क्या होंगे फायदे?

एलडीए का दायरा बढ़ने से नए क्षेत्रों में आवासीय योजनाएं विकसित करने का रास्ता खुल सकता है। साथ ही सड़क, बिजली, पानी, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की योजना तैयार की जा सकती है।

इसके अलावा बिना नक्शे के विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों पर नियंत्रण लगाने में भी मदद मिलेगी। एलडीए उपाध्यक्ष अनुज सिंह के मुताबिक, विस्तारित क्षेत्रों में नई हाउसिंग स्कीम शुरू करने और कनेक्टिविटी व इंफ्रास्ट्रक्चर सुधारने की योजना है। गैरकानूनी कॉलोनियों को नियमित करने की संभावना पर भी विचार किया जा सकता है।

0 comments:

Post a Comment