यूपी के युवाओं की हुई बल्ले-बल्ले! नौकरियों को लेकर आई बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने असिस्टेंट टीचर (ग्रेजुएट पे स्केल यानी TGT) के 17,735 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के जरिए प्रदेश के सरकारी माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों के पद भरे जाएंगे।

इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 28 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in के माध्यम से करना होगा।

17,735 पदों पर होगी भर्ती

आयोग की ओर से जारी विज्ञापन संख्या 07/2026 के तहत कुल 17,735 सहायक अध्यापक पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष होनी चाहिए। आयु की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी।

क्या होनी चाहिए योग्यता?

इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में निर्धारित स्नातक या परास्नातक की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ B.Ed या निर्धारित प्रशिक्षण योग्यता और TET की पात्रता भी आवश्यक है। अलग-अलग विषयों के लिए शैक्षणिक योग्यता की शर्तें अलग हो सकती हैं। इसलिए आवेदन से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन जरूर देख लें।

कितनी मिलेगी सैलरी?

चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल-7 के तहत वेतन दिया जाएगा। इसका वेतनमान 44,900 रुपये से लेकर 1,42,400 रुपये तक निर्धारित है। इसके अलावा नियमानुसार अन्य सरकारी भत्तों का लाभ भी मिल सकता है।

कब होगी परीक्षा?

इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा। आयोग के कार्यक्रम के अनुसार लिखित परीक्षा 23 और 24 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 28 नवंबर और आवेदन में सुधार करने की अंतिम तारीख 30 नवंबर 2026 निर्धारित है।

ऐसे करें आवेदन

इच्छुक उम्मीदवार सबसे पहले UPESSC की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाएं। इसके बाद भर्ती से संबंधित लिंक खोलकर OTR आधारित आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। मांगी गई जानकारी और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन शुल्क जमा करें। अंत में फॉर्म सबमिट करके उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।

0 comments:

Post a Comment