ट्रंप का नया टैरिफ वार? भारत-चीन समेत कई देश निशाने पर

नई दिल्ली। अमेरिका की नई व्यापार नीति का असर भारत समेत कई देशों पर पड़ सकता है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार विदेशी सामानों पर अतिरिक्त आयात शुल्क लगाने के विकल्प पर विचार कर रही है। अमेरिकी अधिकारियों को शिकायत है कि कुछ देशों की कंपनियों को अपनी सरकारों से आर्थिक सहायता मिलती है, जिसकी वजह से वे कम लागत में सामान तैयार कर पाती हैं। इससे अमेरिका के स्थानीय कारोबारियों के लिए बाजार में टिके रहना मुश्किल हो रहा है।

किन देशों की बढ़ सकती है मुश्किल?

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी जांच का दायरा काफी बड़ा है। इसमें भारत और चीन के अलावा जापान, दक्षिण कोरिया तथा यूरोप के कई देश भी शामिल हैं। अमेरिकी प्रशासन इस बात का आकलन कर रहा है कि सरकारी आर्थिक मदद का विदेशी कंपनियों के कारोबार पर कितना असर पड़ रहा है। जांच पूरी होने के बाद नए शुल्क लगाने का रास्ता खुल सकता है।

भारत के लिए क्यों बढ़ सकती है चिंता?

इस संभावित कार्रवाई में भारत और वियतनाम को लेकर ज्यादा चिंता जताई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, इन देशों के उत्पादों पर यूरोपीय संघ, जापान और दक्षिण कोरिया की तुलना में अधिक शुल्क लगाया जा सकता है। हालांकि, भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते से जुड़ी शर्तें भी अंतिम फैसले को प्रभावित कर सकती हैं।

चीन के खिलाफ सख्ती की तैयारी

ट्रंप प्रशासन की नजर चीन के औद्योगिक क्षेत्र पर भी है। अमेरिका का मानना है कि चीनी कंपनियों को मिलने वाली सरकारी मदद के कारण वे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कम कीमत पर उत्पाद बेच पाती हैं। यही वजह है कि चीन के खिलाफ ज्यादा कड़े कदम उठाए जाने की संभावना है।

कुछ उत्पादों को मिल सकती है छूट

स्टील, एल्युमिनियम और ऑटोमोबाइल जैसे उत्पादों को प्रस्तावित कार्रवाई से अलग रखा जा सकता है। इन क्षेत्रों पर अमेरिका पहले ही अलग नियमों के तहत आयात शुल्क लगा चुका है।

फिलहाल यह प्रस्ताव शुरुआती प्रक्रिया में है और टैरिफ की वास्तविक दरें सामने नहीं आई हैं। यदि नई पाबंदियां लागू होती हैं, तो भारतीय निर्यातकों के लिए अमेरिकी बाजार में कारोबार करना महंगा हो सकता है। अब सबकी नजर अमेरिकी प्रशासन की अगली घोषणा पर है।

0 comments:

Post a Comment