पहले बच्चे पर मिलते हैं 5,000 रुपये
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पहले जीवित बच्चे के जन्म पर पात्र महिला को कुल 5,000 रुपये दिए जाते हैं। यह रकम दो किस्तों में मिलती है। पहली किस्त के रूप में 3,000 रुपये और दूसरी किस्त के रूप में 2,000 रुपये दिए जाते हैं। इसके लिए गर्भावस्था का पंजीकरण, जरूरी स्वास्थ्य जांच, बच्चे का जन्म पंजीकरण और शुरुआती टीकाकरण जैसी शर्तें पूरी करनी होती हैं।
दूसरी संतान बेटी होने पर 6,000 रुपये
इस योजना में दूसरी संतान अगर बेटी होती है, तो पात्र महिला को एकमुश्त 6,000 रुपये की सहायता दी जाती है। इस प्रावधान का उद्देश्य बालिकाओं के जन्म को प्रोत्साहित करना और उनके स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल को बढ़ावा देना है।
किन महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ?
यह योजना मुख्य रूप से आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं के लिए है। इसके तहत बीपीएल राशन कार्ड धारक, अनुसूचित जाति-जनजाति की महिलाएं, दिव्यांग महिलाएं, मनरेगा जॉब कार्ड और ई-श्रम कार्ड धारक महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। इसके अलावा ऐसे परिवारों की महिलाएं भी पात्र हो सकती हैं, जिनकी सालाना आय 8 लाख रुपये से कम है। अन्य निर्धारित पात्रता श्रेणियां भी लागू हैं।
इस योजना के लिए कैसे कर सकते है आवेदन?
योजना का लाभ लेने के लिए महिला अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र या आशा कार्यकर्ता से संपर्क कर सकती है। इसके अलावा आधिकारिक PMMVY पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। लाभ की राशि DBT के जरिए पात्र महिला के आधार से जुड़े बैंक या पोस्ट ऑफिस खाते में भेजी जाती है। आवेदन के लिए आधार, बैंक खाते की जानकारी और गर्भावस्था व बच्चे से जुड़े जरूरी दस्तावेज देने होते हैं।

0 comments:
Post a Comment