किसानों की बल्ले-बल्ले! खाद की कमी दूर करने के लिए केंद्र सरकार का बड़ा कदम

नई दिल्ली। देश में खाद की बढ़ती मांग और यूरिया के आयात पर निर्भरता कम करने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी तैयारी की है। सरकार ने करीब 55,000 करोड़ रुपये के निवेश से 6 नए ब्राउनफील्ड गैस आधारित यूरिया प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं के शुरू होने से देश में सालाना 70 लाख टन से अधिक अतिरिक्त यूरिया उत्पादन की क्षमता विकसित होने की उम्मीद है। इससे आने वाले समय में किसानों को खाद की उपलब्धता बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।

इन 6 जगहों पर लगाए जाएंगे यूरिया प्लांट

सरकार को नई परियोजनाओं के लिए कुल 18 प्रस्ताव मिले थे, जिनमें से 6 को मंजूरी दी गई है। ये प्लांट तमिलनाडु के चेन्नई, पंजाब के नंगल, उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर और जगदीशपुर, पश्चिम बंगाल के पानागढ़ और राजस्थान के कोटा में स्थापित किए जाएंगे।

इन परियोजनाओं से जुड़ी कंपनियों में मद्रास फर्टिलाइजर्स, नेशनल फर्टिलाइजर्स, कृभको फर्टिलाइजर्स, मैटिक्स, चंबल फर्टिलाइजर्स और इंडोरामा इंडिया शामिल हैं। सरकार का अनुमान है कि इन सभी परियोजनाओं पर लगभग 55 हजार करोड़ रुपये का निवेश होगा।

यूरिया की किल्लत दूर करने में मिलेगी मदद

भारत में यूरिया की मांग लगातार बढ़ रही है। फिलहाल देश में सालाना करीब 3 करोड़ टन यूरिया का उत्पादन होता है, जबकि मांग लगभग 4 करोड़ टन तक पहुंच चुकी है। इस अंतर को पूरा करने के लिए भारत को विदेशों से बड़ी मात्रा में यूरिया आयात करना पड़ता है।

आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में भारत ने करीब एक करोड़ टन यूरिया का आयात किया था। ऐसे में नई उत्पादन इकाइयों के चालू होने से घरेलू उत्पादन बढ़ेगा और आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

हर साल 5 फीसदी बढ़ रही खाद की मांग

देश में खेती का दायरा और खाद्यान्न उत्पादन बढ़ने के साथ यूरिया की जरूरत भी लगातार बढ़ रही है। अनुमान है कि इसकी मांग हर साल करीब 5 प्रतिशत की दर से बढ़ रही है। इसी को देखते हुए सरकार ने राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति 2026 के तहत नए निवेश को प्रोत्साहन दिया है।

इस नीति में कंपनियों को निवेश के लिए बेहतर रिटर्न और लागत से जुड़े जोखिमों में राहत देने का प्रावधान किया गया है। सरकार की इस पहल का उद्देश्य देश में यूरिया उत्पादन मजबूत करना और किसानों को खाद की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में काम करना है।

0 comments:

Post a Comment