संगठन होगा मजबूत
चुनावी तैयारी के तहत पार्टी नेतृत्व जमीनी स्तर पर सक्रिय हो गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बंगाल दौरे की योजना बनाई गई है, जहां वे राज्य के विभिन्न संगठनात्मक क्षेत्रों के नेताओं के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लेंगे। इस दौरे का मकसद बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और रणनीति को धार देना है।
मोदी का मेगा चुनावी प्लान
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नितिन नवीन के दौरे के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बंगाल में चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे। जानकारी है की अगले डेढ़ महीने में पीएम मोदी राज्य में करीब 10 बड़ी जनसभाएं कर सकते हैं। इसके साथ ही कोलकाता समेत कई प्रमुख शहरों में मेगा रोड शो की तैयारी भी की जा रही है। यह रोड शो खासतौर पर पहले और दूसरे चरण के मतदान के बीच आयोजित किए जा सकते हैं, जिससे चुनावी माहौल को और गर्माया जा सके।
प्रमुख शहरों पर बीजेपी की नजर
पार्टी की रणनीति के तहत सिर्फ कोलकाता ही नहीं, बल्कि सिलीगुड़ी, दुर्गापुर और आसनसोल जैसे औद्योगिक और रणनीतिक शहरों में भी रैलियों और रोड शो की योजना बनाई जा रही है। इससे अलग-अलग क्षेत्रों में मतदाताओं तक सीधा पहुंच बनाने की कोशिश होगी।
पिछली बार की कमी, इस बार पूरी तैयारी
पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान कोविड-19 के कारण कई रैलियां रद्द करनी पड़ी थीं। इस बार भाजपा किसी भी तरह की कमी नहीं छोड़ना चाहती और बड़े पैमाने पर प्रचार अभियान चलाने की रणनीति पर काम कर रही है।
पार्टी नेतृत्व को शाह और मोदी पर है पूरा भरोसा
पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि नरेन्द्र मोदी और अमित शाह की आक्रामक रैलियां और रोड शो राज्य में चुनावी माहौल को निर्णायक दिशा दे सकते हैं। भाजपा इस अभियान के जरिए सत्ता विरोधी माहौल को अपने पक्ष में बदलने की कोशिश कर रही है।

0 comments:
Post a Comment