यूपी में ASO-ARO के 929 पदों पर भर्ती, नोटिश हुआ जारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए लंबे इंतजार के बाद बड़ी राहत भरी खबर आई है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने सहायक सांख्यिकी अधिकारी (ASO) और सहायक अनुसंधान अधिकारी (ARO) के कुल 929 पदों पर भर्ती का ऐलान किया है। करीब छह साल बाद आई इस भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह देखा जा रहा है।

आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 21 अप्रैल 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 11 मई 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी 18 मई तक अपने आवेदन पत्र में संशोधन भी कर सकेंगे।

कुल 929 पदों में 311 पद सामान्य वर्ग के लिए, 300 पद अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), 211 पद अनुसूचित जाति (SC), 62 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और 12 पद अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित किए गए हैं।आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की उम्र 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी। 

शैक्षणिक योग्यता के रूप में अभ्यर्थियों के पास गणित, सांख्यिकी, वाणिज्य या अर्थशास्त्र विषय में स्नातकोत्तर डिग्री होना अनिवार्य है। इसके साथ ही कंप्यूटर का ‘O’ लेवल डिप्लोमा या समकक्ष प्रमाणपत्र और हिंदी टाइपिंग का ज्ञान भी आवश्यक होगा। इस भर्ती में आवेदन के लिए PET 2025 का वैध स्कोर अनिवार्य रखा गया है।

चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में PET 2025 स्कोर के आधार पर अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसके बाद मुख्य लिखित परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें मुख्य विषय, कंप्यूटर ज्ञान और उत्तर प्रदेश सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। आवेदन शुल्क सभी वर्गों के लिए 25 रुपये निर्धारित किया गया है। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

0 comments:

Post a Comment