बिहार में बन रहा 124 किमी 4-लेन सड़क, इन जिलों के लिए खुशखबरी!

पटना। बिहार के लोगों के लिए सड़क कनेक्टिविटी को लेकर बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुंगेर से मिर्जाचौकी तक बन रही 124.41 किलोमीटर लंबी ग्रीनफील्ड फोरलेन सड़क का निर्माण तेजी से चल रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का करीब 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और इसे जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सड़क शुरू होने के बाद पूर्वी बिहार और झारखंड के बीच आवागमन पहले के मुकाबले काफी आसान हो जाएगा।

5788 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा प्रोजेक्ट

यह फोरलेन सड़क करीब 5788 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जा रही है। परियोजना बिहार के मुंगेर, भागलपुर और बांका जिलों से होते हुए झारखंड के मिर्जाचौकी तक जाएगी। इसके चालू होने के बाद बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

मुंगेर से भागलपुर का सफर होगा तेज

अभी मुंगेर से भागलपुर जाने में ट्रैफिक जाम और खराब रास्तों के कारण कई घंटे लग जाते हैं। नई फोरलेन सड़क बनने के बाद यही दूरी काफी कम समय में तय की जा सकेगी। इससे रोजाना यात्रा करने वाले लोगों, व्यापारियों और परिवहन क्षेत्र को सीधा फायदा मिलेगा।

इन जिलों को मिलेगा बड़ा लाभ

इस हाईवे से मुंगेर, सुल्तानगंज, भागलपुर, घोघा, कहलगांव, पीरपैंती और मिर्जाचौकी जैसे इलाकों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। सड़क बेहतर होने से इन क्षेत्रों में रोजगार और व्यापार के नए अवसर बनने की उम्मीद है।

दो जगह बनेंगे टोल प्लाजा

नई सड़क पर यात्रियों की सुविधा और रखरखाव के लिए दो स्थानों पर टोल प्लाजा बनाए जा रहे हैं। इनमें एक मुंगेर जिले के कल्याणपुर और दूसरा भागलपुर जिले के पीरपैंती क्षेत्र में होगा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन स्थानों पर फुट ओवरब्रिज जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं, ताकि बढ़ते ट्रैफिक के बीच लोगों को परेशानी न हो।

0 comments:

Post a Comment