राशन वितरण की तारीख बढ़ाने का फैसला
पहले जून माह का राशन वितरण 10 जून तक पूरा किया जाना था, लेकिन कई जिलों से प्राप्त रिपोर्ट के बाद सरकार ने समयसीमा बढ़ाने का निर्णय लिया। कुछ जिलों के प्रशासन ने बताया था कि तय अवधि के भीतर सभी लाभार्थियों तक राशन पहुंचाना संभव नहीं हो पा रहा है। इसके बाद खाद्य एवं रसद विभाग ने स्थिति की समीक्षा कर वितरण की अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित कर दी।
सुबह से रात तक मिलेगा राशन
सरकार के निर्देश के अनुसार प्रदेश की सभी उचित दर दुकानों पर राशन वितरण सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक जारी रहेगा। इससे लाभार्थियों को अपनी सुविधा के अनुसार राशन लेने का पर्याप्त समय मिलेगा और भीड़भाड़ की समस्या भी कम होगी।
किसे कितना मिलेगा राशन
अंत्योदय कार्डधारकों को सरकार की ओर से 35 किलोग्राम मुफ्त राशन दिया जा रहा है, जिसमें 14 किलोग्राम गेहूं और 21 किलोग्राम चावल शामिल हैं। वहीं पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को प्रति यूनिट 2 किलोग्राम गेहूं और 3 किलोग्राम चावल उपलब्ध कराया जाएगा। यह राशन पूरी तरह निःशुल्क रहेगा
पोर्टेबिलिटी सुविधा का लाभ
सरकार ने राशन वितरण में पोर्टेबिलिटी व्यवस्था को भी जारी रखा है। इसका मतलब है कि कार्डधारक किसी भी उचित दर दुकान से अपना राशन प्राप्त कर सकते हैं। यदि कोई व्यक्ति अपने मूल कोटे की दुकान पर नहीं पहुंच पाता है, तो वह दूसरी दुकान से भी राशन ले सकता है।
शिकायतों के लिए हेल्पलाइन उपलब्ध
यदि किसी लाभार्थी को राशन वितरण में कोई समस्या आती है या राशन देने में अनियमितता की शिकायत है, तो वह टोल-फ्री नंबर 1967 और 1800-1800-150 पर शिकायत दर्ज करा सकता है। विभाग की ओर से शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

0 comments:
Post a Comment