UP Youth के लिए खुशखबरी! 1.5 लाख युवाओं को बड़ा तोहफा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश सरकार अब युवाओं को सिर्फ रोजगार के लिए तैयार करने तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत और वित्तीय फैसले लेने में सक्षम बनाने की दिशा में भी कदम बढ़ा रही है। इसी पहल के तहत यूपी के 1.5 लाख से अधिक युवाओं को जल्द ही फ्री फाइनेंशियल स्किल्स की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी।

उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) और दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDUGKY) के तहत राज्यभर के 1000 से ज्यादा प्रशिक्षण केंद्रों में यह कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को पैसे की सही योजना, बचत, निवेश और आर्थिक सुरक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारी देना है।

कौशल के साथ अब वित्तीय ज्ञान भी मिलेगा

अब तक कौशल विकास मिशन का मुख्य फोकस युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए हुनर प्रदान करना रहा है। लेकिन बदलते समय की जरूरतों को देखते हुए युवाओं को वित्तीय रूप से जागरूक बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से युवाओं को बताया जाएगा कि कमाई का सही इस्तेमाल कैसे करें, भविष्य के लिए बचत कैसे करें और निवेश से जुड़े फैसले समझदारी से कैसे लें।

NSE के साथ हुआ समझौता

युवाओं को बेहतर वित्तीय शिक्षा देने के लिए उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के बीच समझौता किया गया है। इस साझेदारी के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रमों में वित्तीय जागरूकता को शामिल किया जाएगा। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने बताया कि आज के समय में ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी निवेश योजनाओं और आर्थिक जोखिमों से बचने के लिए वित्तीय जानकारी होना बेहद जरूरी है।

डिजिटल ऐप से मिलेगी वित्तीय जानकारी

इस पहल में डिजिटल माध्यमों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। युवाओं को निवेश शिक्षा से जुड़े प्लेटफॉर्म और टूल्स की जानकारी दी जाएगी, जिनकी मदद से वे वित्तीय योजना, निवेश विकल्प और अपनी आर्थिक स्थिति को समझ सकेंगे।

युवाओं को सिखाए जाएंगे पैसे प्रबंधन के तरीके

ट्रेनिंग के दौरान युवाओं को कई महत्वपूर्ण बातें सिखाई जाएंगी, जैसे:

कमाई के अनुसार खर्च की योजना बनाना। 

आपातकालीन जरूरतों के लिए बचत करना। 

ज्यादा ब्याज वाले कर्ज से बचना। 

नियमित निवेश की आदत बनाना। 

निवेश में जोखिम और फायदे को समझना। 

बीमा और लंबी अवधि की आर्थिक योजनाओं का महत्व। 

विशेषज्ञों के अनुसार, सही वित्तीय जानकारी युवाओं को भविष्य में बेहतर आर्थिक फैसले लेने में मदद करेगी। 

0 comments:

Post a Comment