बेगूसराय को मिला 4 हजार पौधों का लक्ष्य
उद्यान विभाग के अनुसार बेगूसराय जिले में इस योजना के तहत 4 हजार नारियल पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। एक पौधे की कीमत 85 रुपये रखी गई है। इसमें सरकार की ओर से 63.75 रुपये अनुदान दिया जाएगा, जबकि किसान को सिर्फ 21.25 रुपये प्रति पौधा देना होगा। इस योजना से किसानों को कम लागत में नारियल की खेती शुरू करने का मौका मिलेगा।
एक किसान लगा सकता है 712 तक पौधे
योजना का लाभ लेने के लिए किसान न्यूनतम 5 और अधिकतम 712 नारियल पौधों के लिए आवेदन कर सकते हैं। सरकार का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा किसानों को नारियल उत्पादन से जोड़ना है, ताकि खेती के साथ अतिरिक्त कमाई का जरिया तैयार हो सके।
बिहार कृषि ऐप से करना होगा आवेदन
नारियल पौधे लेने के लिए किसानों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए बिहार कृषि ऐप के माध्यम से प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आवेदन करते समय किसानों को जमीन से जुड़े दस्तावेज जैसे लगान रसीद या अन्य वैध कागजात अपलोड करने होंगे। विभागीय जांच के बाद पात्र किसानों को सब्सिडी वाले दर पर पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।
खेत से लेकर घर की जमीन तक लगाए
उद्यान विभाग के मुताबिक एक हेक्टेयर जमीन में करीब 178 नारियल पौधे लगाए जा सकते हैं। किसान चाहें तो खेतों के अलावा घर के आसपास, बाड़ी या किचन गार्डन में भी नारियल के पौधे लगा सकते हैं। इससे छोटे किसान भी इस योजना से जुड़ सकते हैं और कम जगह में भी उत्पादन शुरू कर सकते हैं।
किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार का जोर
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार फसल विविधीकरण किसानों की आय बढ़ाने का बेहतर तरीका है। बदलते मौसम और बाजार की मांग को देखते हुए नई फसलों को अपनाने से किसानों को लंबे समय में फायदा मिल सकता है। विभाग का लक्ष्य है कि ज्यादा से ज्यादा किसान नारियल खेती अपनाएं और इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।

0 comments:
Post a Comment