खुशखबरी का खुला पिटारा, यूपी में 12वीं पास के लिए बंपर भर्ती

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने आबकारी सिपाही (Excise Constable) के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के जरिए 12वीं पास उम्मीदवारों को सरकारी नौकरी पाने का शानदार मौका मिल रहा है।

722 पदों पर होगी आबकारी सिपाही की भर्ती

UPSSSC की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार आबकारी आयुक्त कार्यालय, प्रयागराज के अंतर्गत कुल 722 आबकारी सिपाही पदों को भरा जाएगा। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 4 जून 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 24 जून 2026 तक अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं।

12वीं पास उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन

इस भर्ती की खास बात यह है कि इसके लिए न्यूनतम योग्यता इंटरमीडिएट यानी 12वीं पास रखी गई है। उम्मीदवार का 12वीं परीक्षा उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद या सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त किसी बोर्ड से उत्तीर्ण होना जरूरी है। इससे बड़ी संख्या में युवा इस भर्ती में शामिल हो सकेंगे।

इतनी मिलेगी सैलरी

आबकारी सिपाही के पद पर चयनित उम्मीदवारों को वेतन स्तर-2 के अनुसार भुगतान किया जाएगा। इसमें वेतनमान ₹19,900 से ₹63,200 तक निर्धारित है। इसके अलावा सरकारी नौकरी के अनुसार अन्य भत्तों और सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा।

उम्र सीमा कितनी है?

इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष होनी चाहिए। वहीं अधिकतम उम्र सीमा 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को उत्तर प्रदेश सरकार के नियमों के अनुसार उम्र में छूट दी जाएगी।

कैसे होगा चयन?

उम्मीदवारों का चयन कई चरणों के आधार पर किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में PET-2025 के सामान्यीकृत स्कोर के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, मुख्य लिखित परीक्षा, शारीरिक मानक परीक्षा (PST), शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) शामिल हैं।

आवेदन सिर्फ ऑनलाइन होगा

उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आवेदन की अंतिम तारीख 24 जून 2026 है। वहीं फीस से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तारीख 1 जुलाई 2026 तय की गई है।

0 comments:

Post a Comment