बिहार में मानसून का कहर शुरू, 5 जिलों में होगी भयंकर बारिश

पटना। बिहार में मानसून ने समय से पहले दस्तक देकर मौसम का मिजाज बदल दिया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रदेश में प्रवेश के बाद अब इसके तेजी से आगे बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून सामान्य गति से आगे बढ़ रहा है और अगले कुछ दिनों में राज्य के बाकी हिस्सों को भी कवर कर सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, मानसून की उत्तरी सीमा शुक्रवार तक मुजफ्फरपुर तक पहुंच चुकी है। आने वाले 24 घंटों में इसके पटना समेत कई अन्य इलाकों में फैलने के संकेत हैं। वहीं, अगले दो से तीन दिनों में पूरे बिहार में मानसून सक्रिय होने की संभावना है।

पांच जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के पांच जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर और बांका में तेज बारिश के साथ मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है। इसके अलावा राज्य के कई हिस्सों में आंधी, तेज हवा और बिजली गिरने जैसी मौसमी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।

कई इलाकों में हुई अच्छी बारिश

मानसून की सक्रियता के कारण पिछले 24 घंटों में बिहार के कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। कटिहार जिले के प्राणपुर में सबसे अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा पूर्णिया, भागलपुर, किशनगंज, मधुबनी, सीतामढ़ी और सुपौल समेत कई जिलों में भी बारिश हुई। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों के लिए भी यह मानसून की शुरुआत अच्छी खबर लेकर आया है।

तापमान में उतार-चढ़ाव जारी

बारिश के बावजूद कुछ इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पटना में अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जबकि कैमूर में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश के कारण तापमान में कुछ गिरावट देखने को मिल सकती है।

0 comments:

Post a Comment