अगले 24 घंटे में बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार उत्तर-पश्चिम बिहार और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण बनने के कारण अगले 24 घंटे में मौसम तेजी से बदल सकता है। इस दौरान राजधानी पटना सहित पूरे राज्य में बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
33 जिलों में आंधी और वज्रपात का खतरा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 33 जिलों में तेज हवा, मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ आंधी-पानी की स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। यह स्थिति खासकर दोपहर और शाम के समय अधिक सक्रिय रह सकती है।
कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी
बिहार के पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, मधुबनी, शिवहर, सीतामढ़ी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सारण, सिवान और वैशाली जैसे जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में अगले कुछ दिनों तक मौसम ज्यादा सक्रिय रहने का अनुमान है।
5 से 6 दिन तक बारिश का दौर जारी रहने के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, बिहार के अलग-अलग हिस्सों में अगले 5 से 6 दिनों तक रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रह सकता है। इससे न सिर्फ तापमान में गिरावट आएगी बल्कि लोगों को भीषण गर्मी से राहत भी मिलेगी।

0 comments:
Post a Comment