30 दिन में काम नहीं हुआ तो कार्रवाई
मुख्यमंत्री के अनुसार, सरकार ने व्यवस्था बनाई है कि आम लोगों के आवेदन और जरूरी काम तय समय सीमा में पूरे किए जाएं। अगर किसी अधिकारी की वजह से जनता का काम लंबे समय तक अटका रहता है तो उसकी जिम्मेदारी तय की जाएगी। सरकार का उद्देश्य प्रशासन को अधिक जवाबदेह और पारदर्शी बनाना है।
एयरपोर्ट और हवाई नेटवर्क का विस्तार
मुख्यमंत्री ने बिहार में विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाले समय में राजगीर और सासाराम-कैमूर क्षेत्र में नए एयरपोर्ट विकसित करने की योजना है। इसके अलावा जरूरत के अनुसार राज्य में एयरपोर्ट, हेलीपैड और एयरस्ट्रिप का नेटवर्क बढ़ाने पर भी काम किया जाएगा।
औद्योगिक निवेश से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में बड़े स्तर पर निवेश लाने की दिशा में काम किया जा रहा है। सरकार ने आने वाले समय में पांच लाख करोड़ रुपये तक के औद्योगिक निवेश को धरातल पर उतारने का लक्ष्य रखा है। इसके साथ ही राजगीर और मुंगेर को डिफेंस कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
राज्य में सड़क और पुल परियोजनाओं को मिली गति
मुख्यमंत्री ने राज्य में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत किया गया है। गांवों और टोलों तक पक्की सड़क पहुंचाने का अभियान जारी है। इसके अलावा गंगा समेत कई प्रमुख नदियों पर पुलों के निर्माण से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की कोशिश की जा रही है।
महिलाओं और गरीबों के लिए योजनाओं पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में चल रही योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बिहार में बड़ी संख्या में महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं। सरकार का दावा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
.png)
0 comments:
Post a Comment