यूपी में बेटियों के लिए खुशखबरी! सरकार ने दी बड़ी सौगात

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में एक महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए बेटियों को राहत देने वाला फैसला लिया है। चांदी की बढ़ती कीमतों को देखते हुए अब योजना के तहत दी जाने वाली पायल और बिछिया की जगह सीधे नकद राशि दुल्हन के बैंक खाते में भेजी जाएगी। इस फैसले से लाभार्थियों को अधिक पारदर्शिता और आर्थिक सुविधा मिलने की उम्मीद है।

क्या है मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना?

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण सामाजिक योजना है, जिसका उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता देना है। इस योजना के तहत सरकार प्रति जोड़े पर लगभग 1 लाख रुपये तक का खर्च वहन करती है।

क्या हुआ बदलाव?

पहले इस योजना में 60,000 रुपये सीधे दुल्हन के बैंक खाते में भेजे जाते थे। इसके अलावा 25,000 रुपये पायल, बिछिया और अन्य उपहार सामग्री के लिए निर्धारित थे, जबकि 15,000 रुपये विवाह के आयोजन और व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते थे। लेकिन अब इस व्यवस्था में बदलाव किया गया है। सरकार ने उपहार सामग्री के रूप में दी जाने वाली पायल और बिछिया की जगह नकद राशि देने का निर्णय लिया है। 

इसके तहत उपहार मद की राशि को बदलकर लगभग 4,000 रुपये अतिरिक्त सीधे दुल्हन के खाते में ट्रांसफर किए जाएंगे। इस बदलाव के बाद अब दुल्हन के बैंक खाते में पहले मिलने वाले 60,000 रुपये के बजाय कुल 64,000 रुपये भेजे जाएंगे। वहीं विवाह आयोजन और अन्य व्यवस्थाओं के लिए निर्धारित 15,000 रुपये पहले की तरह ही खर्च किए जाएंगे।

योजना में पारदर्शिता 

सरकार का यह कदम न केवल बढ़ती महंगाई को ध्यान में रखकर लिया गया है, बल्कि इससे योजना में पारदर्शिता और लचीलापन भी बढ़ेगा। नकद राशि मिलने से लाभार्थी अपनी जरूरत के अनुसार खर्च कर सकेंगे, जिससे उन्हें अधिक सुविधा मिलेगी।

0 comments:

Post a Comment