खुशखबरी की बौछार! बिहार में महिलाओं को फिर से 10-10 हजार

पटना। बिहार सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को नई गति देने जा रही है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत सरकार एक बार फिर बड़ी संख्या में लाभार्थियों के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि भेजने की तैयारी में है। शुक्रवार को राज्य सरकार 10 लाख से अधिक जीविका दीदियों के खातों में यह राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित करेगी।

अब तक 1 करोड़ 40 लाख महिलाओं को मिला लाभ

ग्रामीण विकास विभाग के अनुसार, योजना के प्रारंभ से लेकर अब तक 1 करोड़ 40 लाख महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। हालाँकि अभी भी कई पात्र महिलाएँ ऐसी हैं, जिनके खाते में किसी कारणवश राशि नहीं पहुंची है। विभाग ने आश्वासन दिया है कि 14 दिसंबर तक सभी पात्र महिलाओं को भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।

28 नवंबर को 10 लाख महिलाओं को मिलेगा लाभ

ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि शुक्रवार, 28 नवंबर को 10 लाख जीविका दीदियों को सहायता राशि भेज दी जाएगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं डीबीटी के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की 9.50 लाख और शहरी क्षेत्रों की 50 हजार महिलाओं के खातों में यह राशि ट्रांसफर करेंगे। मंत्री ने कहा कि जो महिलाएँ जीविका समूह से जुड़ी हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लाभ दिया जा रहा है। शेष पात्र लाभार्थियों के खातों में भी राशि जल्द भेजी जाएगी।

एक महीने में फॉर्म भरने वाली महिलाओं को भी मिलेगा पैसा

मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि पिछले एक माह के भीतर मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का फ़ॉर्म भरने वाली सभी महिलाओं को भी 10-10 हजार रुपये दिए जाएंगे। विभाग का लक्ष्य दिसंबर 2025 तक सभी लाभार्थियों को भुगतान पूरा करने का है।

0 comments:

Post a Comment