बिहार में बिगड़ेगा मौसम, 6 जिलों में आंधी-बारिश के आसार

पटना। बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पिछले 24 घंटों में आई आंधी और बारिश ने पूरे राज्य में हलचल मचा दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के कई जिलों में मौसम का असर अभी जारी रह सकता है।

इन जिलों में ज्यादा खतरा

मौसम विभाग ने सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में आंधी-तूफान और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और जरूरी काम के बिना घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

24 घंटे में क्यों बदला मौसम?

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, यह बदलाव पूर्वी बांग्लादेश के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम और तेज पछुआ जेट स्ट्रीम के कारण हुआ है। इस सिस्टम के प्रभाव से राज्य में तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई है।

तापमान में आई बड़ी गिरावट

राज्य के कई हिस्सों में दिन के तापमान में करीब 14 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी गई। पटना, मुजफ्फरपुर, अररिया और फारबिसगंज जैसे इलाकों में ठंड का एहसास फिर लौट आया है। मार्च के महीने में ही लोगों को हल्की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।

बाकी जिलों में कैसा रहेगा मौसम

राज्य के अन्य जिलों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। यहां दिन के समय धूप निकलेगी और तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा, जिससे गर्मी की वापसी के संकेत मिल रहे हैं।

आगे क्या कहता है मौसम का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के मुताबिक, 23 से 25 मार्च तक राज्य में मौसम सामान्य और शुष्क रहेगा। हालांकि 26 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसके चलते महीने के अंत में एक बार फिर हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है।

0 comments:

Post a Comment