मंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार के खजाने पर सबसे पहला अधिकार आपदा से प्रभावित लोगों का है। इसी के तहत सभी जिलाधिकारियों को तत्काल सर्वे कर फसल क्षति का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन क्षेत्रों में 33 प्रतिशत से अधिक नुकसान हुआ है, वहां की विस्तृत रिपोर्ट आपदा प्रबंधन विभाग को भी भेजी जाएगी।
किसानों को मिलेगा मुआवजा
सरकार ने आश्वासन दिया है कि नुकसान झेल रहे किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। इसके लिए कृषि विभाग की टीमें भी सक्रिय कर दी गई हैं, ताकि प्रभावित किसानों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।
रबी फसलों को भारी नुकसान
बेमौसम बारिश और तेज आंधी ने रबी फसलों को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। गेहूं, सरसों, चना और मक्का की फसलें तेज हवाओं के कारण खेतों में गिर गईं, जिससे उत्पादन पर गंभीर असर पड़ने की आशंका है। कई जगहों पर जलभराव के कारण फसलें सड़ने की स्थिति में पहुंच गई हैं।
बागवानी पर भी असर
आम और लीची जैसे फलों की खेती करने वाले किसानों को भी बड़ा झटका लगा है। आंधी के कारण पेड़ों पर लगे बौर झड़ गए हैं, जिससे आने वाले सीजन में उत्पादन कम होने की आशंका बढ़ गई है।
किसानों की बढ़ी चिंता
कटाई के लिए तैयार फसल पर आई इस आपदा ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मोकामा और आसपास के इलाकों के किसानों का कहना है कि इस बार अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, लेकिन अचानक बदले मौसम ने सारी मेहनत पर पानी फेर दिया।

0 comments:
Post a Comment