यूपी सरकार की नई पहल, गांव-गांव के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी

न्यूज डेस्क। उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्रामीण इलाकों के विकास की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। ‘मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना 2026’ के तहत अब गांव-गांव तक बस सेवा पहुंचाने की तैयारी पूरी हो चुकी है। इसका सबसे बड़ा लाभ प्रयागराज और उसके आसपास के जिलों के ग्रामीणों को मिलने वाला है, जहां हजारों गांव सीधे शहरों से जुड़ जाएंगे।

5000 गांवों को मिलेगा सीधा कनेक्शन

इस योजना के तहत प्रयागराज परिक्षेत्र के करीब 5,000 गांवों को बस सेवा से जोड़ा जाएगा। अकेले प्रयागराज जिले के 1,540 गांवों में रहने वाले लोग अब आसानी से शहर आ-जा सकेंगे। इसके अलावा प्रतापगढ़, कौशांबी, जौनपुर और मीरजापुर जैसे जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों को भी इसका फायदा मिलेगा। यह पहल खासतौर पर उन लोगों के लिए राहत लेकर आई है जिन्हें पढ़ाई, इलाज या रोजगार के लिए शहरों का रुख करना पड़ता है, लेकिन साधनों की कमी के कारण परेशानी उठानी पड़ती थी।

युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा मौका

यह योजना सिर्फ यातायात सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी खोल रही है। यदि किसी व्यक्ति के पास 15 से 28 सीटों वाली बस है, चाहे वह डीजल, सीएनजी या इलेक्ट्रिक हो तो वह अपनी बस को रोडवेज के साथ जोड़कर खुद का व्यवसाय शुरू कर सकता है।

पूरी कमाई बस मालिक को मिलेगी

रोडवेज को केवल ₹1,500 प्रति माह शुल्क देना होगा, बस का रूट और समय तय करने की स्वतंत्रता होगी, रोजाना कम से कम दो फेरे गांवों में लगाना अनिवार्य होगा। 

सरकार दे रही है बड़ी राहत

इस योजना को आकर्षक बनाने के लिए सरकार ने कई रियायतें दी हैं: परमिट शुल्क में 100% छूट, बस की अधिकतम उम्र सीमा 8 वर्ष, आवेदन शुल्क ₹2,000, सिक्योरिटी राशि ₹5,000 (जो बाद में वापस मिल जाएगी), इससे नए उद्यमियों के लिए आर्थिक बोझ काफी कम हो जाएगा और वे आसानी से अपना काम शुरू कर पाएंगे।

कैसे करें आवेदन?

इच्छुक उम्मीदवार उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 28 मार्च निर्धारित की गई है और चयन प्रक्रिया करीब 15 से 45 दिनों में पूरी कर ली जाएगी।

0 comments:

Post a Comment