यूपी सरकार का बड़ा ऐलान, शिक्षामित्रों के लिए नए वेतन प्रणाली लागू

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षा क्षेत्र से जुड़े हजारों कर्मियों को बड़ी राहत देते हुए उनके मानदेय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी का ऐलान किया है। बेसिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत कार्यरत शिक्षामित्रों और अंशकालिक अनुदेशकों को अब इस महीने से बढ़ा हुआ वेतन मिलेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

कितना बढ़ा मानदेय?

सरकार के नए आदेश के मुताबिक, शिक्षामित्रों के मानदेय में सीधे 8,000 रुपये की वृद्धि की गई है। पहले जहां उन्हें हर महीने 10,000 रुपये मिलते थे, अब यह बढ़कर 18,000 रुपये हो गया है। इस फैसले से प्रदेश के करीब 1.42 लाख शिक्षामित्रों को सीधा लाभ मिलेगा।

वहीं, उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में भी समान रूप से 8,000 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अब उन्हें 9,000 रुपये के स्थान पर 17,000 रुपये प्रति माह मिलेंगे। हालांकि, यह भुगतान वर्ष में 11 महीने के लिए ही किया जाएगा।

कैबिनेट से मिली मंजूरी

इस प्रस्ताव को हाल ही में हुई राज्य कैबिनेट बैठक में मंजूरी दी गई थी, जिसके बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने औपचारिक शासनादेश जारी कर इसे लागू कर दिया है। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि सरकार इस फैसले को तुरंत प्रभाव से लागू करने के पक्ष में है।

क्या होगा असर?

मानदेय में इस वृद्धि से शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को आर्थिक मजबूती मिलेगी। लंबे समय से वे वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे थे, जिसे अब सरकार ने स्वीकार कर लिया है। इससे न केवल उनकी जीवनशैली बेहतर होगी, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में भी सकारात्मक असर देखने को मिल सकता है।

0 comments:

Post a Comment