क्या बदला है नियमों में?
नए श्रम प्रावधानों के अनुसार अब कंपनियों को कर्मचारियों की अतिरिक्त बची हुई छुट्टियों का पैसा देना होगा। यानी अगर कर्मचारी साल भर में अपनी सभी अर्जित छुट्टियां नहीं ले पाता, तो वे अब बेकार नहीं जाएंगी, बल्कि उनके बदले नकद राशि दी जाएगी।
30 दिन तक ही जमा होंगी छुट्टियां
नियमों के तहत एक कर्मचारी अधिकतम 30 दिन की अर्जित छुट्टियां ही अगले साल के लिए बचाकर रख सकता है। यदि इससे अधिक छुट्टियां बचती हैं, तो कंपनी को अतिरिक्त दिनों का भुगतान उसी साल करना अनिवार्य होगा।
आसान हुई छुट्टी पाने की पात्रता
पहले अर्जित छुट्टियों का हक पाने के लिए 240 दिन काम करना जरूरी होता था, लेकिन अब इसे घटाकर 180 दिन कर दिया गया है। यानी कर्मचारी अब कम समय में ही छुट्टियां कमाने और उनका लाभ उठाने के पात्र बन जाएंगे।
नौकरी छोड़ने पर जल्दी मिलेगा पैसा
नए नियम कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए बनाए गए हैं। यदि कोई कर्मचारी नौकरी छोड़ता है या उसे हटाया जाता है, तो कंपनी को उसका पूरा बकाया 48 घंटे के भीतर चुकाना होगा। इससे लंबे समय तक भुगतान का इंतजार खत्म हो जाएगा।
अब छुट्टी न मिलने पर भी होगा फायदा
अगर कर्मचारी समय पर छुट्टी के लिए आवेदन करता है और उसे मंजूरी नहीं मिलती, तो ऐसी छुट्टियां भी सुरक्षित रहेंगी। उन्हें 30 दिन की सीमा में नहीं जोड़ा जाएगा, जिससे कर्मचारी का नुकसान नहीं होगा। इन बदलावों से कर्मचारियों को दोहरा फायदा मिलेगा, एक तरफ उनकी मेहनत की छुट्टियां सुरक्षित रहेंगी, और दूसरी तरफ उन्हें अतिरिक्त आय का भी लाभ मिलेगा।

0 comments:
Post a Comment