आइए जानते हैं चार प्रमुख एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति।
पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे पर मंजूरी का इंतजार
पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे को बिहार की सबसे महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं में माना जा रहा है। इस एक्सेस कंट्रोल एक्सप्रेस-वे का प्रस्ताव केंद्रीय स्तर पर स्वीकृति के लिए भेजा जा चुका है, लेकिन अंतिम मंजूरी का इंतजार अभी भी बना हुआ है। परियोजना का प्रारंभिक एलायनमेंट पहले ही तय किया जा चुका है, जबकि विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है। केंद्रीय मंजूरी मिलने के बाद भूमि अधिग्रहण और निर्माण से जुड़ी आगे की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है।
बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेस-वे का रूट होगा तय
बक्सर-भागलपुर एक्सप्रेस-वे को सिद्धांत रूप में स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन इसका अंतिम रूट अभी तय होना बाकी है। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से एलायनमेंट कमेटी बनाई जाएगी। रूट तय होने के बाद राज्य सरकार से आवश्यक अनुमोदन लिया जाएगा। इसके बाद ही डीपीआर और निर्माण संबंधी अन्य प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।
रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे के रूट में होगा बदलाव
रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे के प्रस्तावित मार्ग में बदलाव की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि रक्सौल एयरपोर्ट परियोजना को ध्यान में रखते हुए इसके एलायनमेंट में संशोधन किया जाएगा। रूट में आवश्यक बदलाव पूरा होने के बाद ही परियोजना के अगले चरण की कार्रवाई आगे बढ़ेगी।
गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे पर जमीन अधिग्रहण जारी
गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे का बड़ा हिस्सा बिहार से होकर गुजरेगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए कई जिलों में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। हालांकि परियोजना को पूरी गति मिलने से पहले कई तकनीकी और प्रशासनिक मंजूरियां मिलना अभी बाकी हैं। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य में तेजी आने की संभावना है।

0 comments:
Post a Comment