बिहारवासियों के लिए 5 बड़ी खुशखबरी, सरकार ने खोला सौगातों का पिटारा

पटना। बिहार सरकार की कैबिनेट बैठक में 27 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। इन फैसलों का असर छात्रों, सड़क यात्रियों, स्वास्थ्य व्यवस्था, उद्योग और शहरी विकास समेत कई क्षेत्रों पर पड़ेगा। इनमें से पांच फैसले खास तौर पर चर्चा में हैं।

1. अरवल में बनेगा मेडिकल कॉलेज

स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए अरवल में मेडिकल कॉलेज और अस्पताल स्थापित करने के लिए 25 एकड़ सरकारी जमीन स्वास्थ्य विभाग को देने की मंजूरी मिली है। इससे जिले में चिकित्सा शिक्षा और इलाज की सुविधाएं बढ़ने की उम्मीद है।

2. छात्रों के लिए क्रेडिट कार्ड योजना जारी

बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना को अगले पांच साल के लिए बढ़ा दिया गया है। 2026-27 से 2030-31 तक विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकेंगे। योजना के तहत उच्च शिक्षा के लिए 4 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया जाता है।

3. बड़े पुलों और सड़कों पर टोल की तैयारी

सरकार ने राज्य के प्रमुख पुलों और सड़कों पर टोल व्यवस्था लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। पहले चरण में 47 बड़े पुलों और 55 राज्य उच्च पथों का अध्ययन कराया जाएगा। ट्रैफिक सर्वे के बाद टोल प्लाजा और फास्टैग आधारित वसूली की व्यवस्था तैयार की जाएगी।

4. बरौनी में विकसित होगा औद्योगिक क्षेत्र

बेगूसराय के बरौनी में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए करीब 700 एकड़ सरकारी जमीन उद्योग विभाग को उपलब्ध कराने का फैसला लिया गया है। इससे नए उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ाने की कोशिश होगी।

5. शहरों और पशुपालन को भी मिलेगी रफ्तार

राज्य के नगर निकायों के लिए 9,169 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने का फैसला हुआ है। मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना को भी 2030-31 तक जारी रखने की मंजूरी दी गई है। इसके अलावा पशुपालन क्षेत्र में महिला सहकारी संघ, हिफर पालन केंद्र और पशु अस्पतालों से जुड़े कई प्रस्तावों को भी हरी झंडी मिली है।

0 comments:

Post a Comment