31 अगस्त 2028 तक टीईटी पास करना जरूरी
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद कार्यरत शिक्षकों के लिए टीईटी पास करना अनिवार्य है। मौजूदा व्यवस्था के अनुसार संबंधित शिक्षकों को 31 अगस्त 2028 तक टीईटी उत्तीर्ण करना होगा। इसी समयसीमा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने विशेष परीक्षा कराने की प्रक्रिया तेज करने का फैसला लिया है।
1.40 लाख से ज्यादा शिक्षक होंगे दायरे में
स्पेशल टीईटी में बेसिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पहले से कार्यरत करीब 1.40 लाख से अधिक शिक्षक शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा करीब 2,500 विशेष शिक्षकों को भी परीक्षा में बैठने का मौका मिलेगा। सरकार ने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को परीक्षा की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने और विज्ञापन जारी करने के निर्देश दिए हैं।
150 सवाल, निगेटिव मार्किंग नहीं
स्पेशल टीईटी में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि 150 मिनट होगी और प्रत्येक सवाल एक अंक का रहेगा। खास बात यह है कि गलत उत्तर के लिए निगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
इतने अंक लाने पर होंगे पास
सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को पात्रता के लिए 90 अंक यानी 60 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे। वहीं आरक्षित वर्ग समेत निर्धारित श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए 82 अंक यानी 55 प्रतिशत अर्हक अंक तय किए गए हैं। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को पहले ओटीआर पूरा करना होगा। परीक्षा के बाद परिणाम और अंक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।

0 comments:
Post a Comment