यूपी सरकार का बड़ा फैसला, श्रमिकों के लिए 1 बड़ी खुशखबरी, टेंशन दूर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मजदूरों और गरीब परिवारों को महंगाई से राहत देने के लिए योगी सरकार एक नई पहल करने जा रही है। सरकार मां अन्नपूर्णा भोजन योजना शुरू करने की तैयारी में है। इसके तहत जरूरतमंद लोगों को महज 5 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। योजना का मुख्य उद्देश्य मेहनत-मजदूरी करने वाले लोगों को कम कीमत पर पौष्टिक खाना मुहैया कराना है।

इस योजना के तहत सुबह और शाम भोजन की व्यवस्था होगी। शुरुआत में श्रम विभाग में पंजीकृत मजदूरों और घरेलू कामगारों को प्राथमिकता देने का प्रस्ताव है। फिलहाल लाभार्थियों के चयन के लिए नियम तैयार किए जा रहे हैं। सरकार की तैयारी है कि जनवरी से पहले चरण में 12 जिलों में रसोई शुरू कर दी जाए।

5 रुपये की थाली में मिलेगा भरपेट भोजन

मां अन्नपूर्णा भोजन योजना के तहत मिलने वाली थाली में खाने की कई चीजें शामिल होंगी। इसमें दाल, दो तरह की सब्जियां, चार रोटियां, एक छोटी कटोरी चावल, अचार और एक मिठाई दी जाएगी। यानी बेहद कम कीमत में जरूरतमंद लोगों को भरपेट भोजन मिल सकेगा।

12 जिलों में पहले शुरू होगी योजना

सरकार ने पहले चरण के लिए 12 जिलों को चुना है। इनमें लखनऊ, कानपुर, आगरा, वाराणसी, मेरठ, गाजियाबाद, मुरादाबाद, अलीगढ़, गोरखपुर, अयोध्या, शाहजहांपुर और रायबरेली शामिल हैं। योजना के तहत प्रत्येक रसोई केंद्र पर सुबह एक हजार और शाम को एक हजार लोगों को भोजन उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इस तरह हर केंद्र से रोजाना करीब 2,000 लोगों को सस्ती थाली देने की तैयारी है।

जल्द तय होंगे लाभार्थियों के नियम

योजना के संचालन के लिए शासन से वित्तीय मंजूरी मिल चुकी है। अब भोजन बनाने और वितरण की जिम्मेदारी संभालने वाली संस्था का चयन किया जाना है। खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पांडेय के मुताबिक, लाभार्थियों के चयन की नीति तैयार की जा रही है और पंजीकृत श्रमिकों को प्राथमिकता देने का प्रस्ताव है।

0 comments:

Post a Comment