बिहार में कर्मचारियों को डबल खुशखबरी, सैलरी के साथ मिलेगा एरियर

पटना। बिहार में सरकारी नौकरी करने वाले लोगों के लिए आने वाला समय आर्थिक लिहाज से राहत भरा हो सकता है। राज्य सरकार के कर्मचारियों की आमदनी बढ़ाने की तैयारी में है। महंगाई के बढ़ते बोझ के बीच सरकार महंगाई भत्ते (DA) में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी करने पर विचार कर रही है। अगर इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाती है तो कर्मचारियों को हर महीने मिलने वाली सैलरी में इजाफा होगा। इसका असर रिटायर हो चुके सरकारी कर्मचारियों की पेंशन पर भी पड़ेगा।

DA बढ़ने पर कितनी बढ़ जाएगी कमाई?

प्रस्तावित बदलाव के बाद बिहार के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो सकता है। इस बढ़ोतरी का फायदा करीब 9.5 लाख कर्मचारियों और अधिकारियों को मिलने की उम्मीद है। वहीं, लगभग तीन लाख पेंशनर भी इससे लाभान्वित हो सकते हैं। इसका फायदा हर कर्मचारी को एक जैसा नहीं मिलेगा, क्योंकि अतिरिक्त रकम की गणना मूल वेतन के आधार पर होगी।

पुराने महीनों का पैसा भी मिलेगा

इस प्रस्ताव की एक और खास बात इसकी प्रभावी तारीख है। सरकार इसे 1 जुलाई 2026 से लागू करने की तैयारी में है। यदि मंजूरी मिलती है तो जुलाई से अक्टूबर तक की बकाया राशि भी कर्मचारियों के हिस्से आएगी। यानी कर्मचारियों को नियमित वेतन के अलावा चार महीने का एरियर मिलने का रास्ता साफ हो सकता है। प्रस्ताव के मुताबिक, दिसंबर में नवंबर के वेतन के साथ बकाया भुगतान करने की तैयारी है। हालांकि, इसकी अंतिम तारीख सरकारी आदेश जारी होने के बाद ही तय होगी।

किन लोगों को मिलेगा इस फैसले का फायदा?

संभावित DA बढ़ोतरी का लाभ सातवें वेतनमान के दायरे में आने वाले नियमित सरकारी कर्मचारियों और पात्र पेंशनरों को मिलेगा। इसके अलावा पात्र विश्वविद्यालय, बोर्ड, निगम और स्थानीय निकायों के कर्मी भी संबंधित नियमों के अनुसार लाभ पा सकते हैं। संविदा और अस्थायी कर्मचारियों को इस बढ़ोतरी में शामिल नहीं किया गया है।

0 comments:

Post a Comment