केंद्र सरकार ने दी बड़ी खुशखबरी, सड़क हादसे में घायल लोगों का होगा मुफ्त इलाज

नई दिल्ली। सड़क दुर्घटना में घायल होने वाले लोगों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। अब हादसे के बाद घायल व्यक्ति को इलाज के लिए पैसों की व्यवस्था करने की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। कई बार आर्थिक परेशानी या अस्पताल में पैसे जमा करने की मजबूरी के कारण घायलों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता, जिससे उनकी जान तक चली जाती है। 

इसी समस्या को दूर करने के लिए केंद्र सरकार ने PM RAHAT योजना शुरू की है। इस योजना का उद्देश्य सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को जल्द से जल्द बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि पैसों की कमी किसी की जिंदगी के रास्ते में बाधा न बने।

7 दिनों तक मिलेगा मुफ्त इलाज

PM RAHAT यानी Road Accident Victims' Hospitalisation and Assured Treatment Scheme के तहत सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना में दुर्घटना की तारीख से अधिकतम 7 दिनों तक इलाज की सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि मरीज को अस्पताल में भर्ती होते समय एडवांस पैसे जमा करने की जरूरत नहीं होगी। योजना के तहत निर्धारित सरकारी अस्पतालों के साथ सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी यह सुविधा मिलेगी।

दुर्घटना होने पर कैसे मिलेगा योजना का लाभ?

अगर कहीं सड़क दुर्घटना होती है तो सबसे पहले राष्ट्रीय आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना देनी होगी। इसके बाद घायल व्यक्ति को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी चिन्हित अस्पताल पहुंचाया जाएगा। अस्पताल में योजना के नियमों के अनुसार कैशलेस इलाज की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

पैसों की वजह से नहीं रुकेगा किसी का इलाज

सरकार की इस पहल से सड़क हादसों के पीड़ितों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह योजना काफी मददगार साबित हो सकती है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि दुर्घटना के बाद शुरुआती समय में इलाज मिलने की संभावना बढ़ेगी और आर्थिक परेशानी के कारण उपचार में देरी नहीं होगी।

0 comments:

Post a Comment