बिहार में 6-लेन का गंगा पुल तैयार, इन जिलों के लिए बड़ी खुशखबरी!

पटना। बिहार में सड़क कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने वाला कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल बनकर तैयार हो चुका है। इस पुल के शुरू होने से पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन काफी आसान हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को वैशाली जिले के दौरे पर इस पुल का उद्घाटन कर सकते हैं। हालांकि, उद्घाटन कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

करीब 4,988 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना में गंगा नदी पर 9.76 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल बनाया गया है। एप्रोच रोड को मिलाकर इसकी कुल लंबाई करीब 19.76 किलोमीटर है। यह पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ेगा। इसके चालू होने के बाद पटना से वैशाली पहुंचने में महज 20 से 25 मिनट लगने का अनुमान है।

इन जिलों को मिलेगा सीधा फायदा

इस महासेतु से वैशाली, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर और दरभंगा समेत उत्तर बिहार के कई जिलों को राजधानी पटना से बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। व्यापारियों के साथ आम यात्रियों को भी इसका फायदा होगा। खासकर महात्मा गांधी सेतु पर वाहनों का दबाव कम करने में यह पुल अहम भूमिका निभा सकता है।

राघोपुर दियारा के लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

इस परियोजना का सबसे बड़ा फायदा राघोपुर दियारा के लोगों को मिलने वाला है। गंगा और गंडक नदियों से घिरे इस इलाके के लोगों को अब तक पटना और हाजीपुर आने-जाने के लिए नाव या अस्थायी पीपा पुल पर निर्भर रहना पड़ता था। नए पुल से पूरे साल सड़क मार्ग से आवागमन का रास्ता मजबूत होगा।

100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगे वाहन

यह पुल आधुनिक एक्स्ट्रा डोज्ड केबल तकनीक से बनाया गया है। इस पर छह लेन की सड़क है और इसे 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की डिजाइन गति के हिसाब से तैयार किया गया है। पूरी परियोजना उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

0 comments:

Post a Comment