नई व्यवस्था राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप लागू की जा रही है। इसके तहत इंटर्नशिप को चार क्रेडिट दिए जाएंगे और इसे पांचवें सेमेस्टर से पहले पूरा करना जरूरी होगा। इसका उद्देश्य छात्रों को किताबी ज्ञान के साथ कामकाज का व्यावहारिक अनुभव देना है, ताकि पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें रोजगार पाने में आसानी हो।
120 घंटे की इंटर्नशिप करनी होगी पूरी
नए नियमों के मुताबिक प्रत्येक छात्र को कुल 120 घंटे की इंटर्नशिप करनी होगी। इसमें कम से कम 90 घंटे संबंधित संस्थान में काम करना अनिवार्य होगा। बाकी समय रिपोर्ट तैयार करने, मूल्यांकन और दूसरी शैक्षणिक गतिविधियों में लगाया जाएगा। खास बात यह है कि हर विद्यार्थी को अपनी इंटर्नशिप व्यक्तिगत रूप से करनी होगी। समूह में इंटर्नशिप करने की अनुमति नहीं होगी।
चौथे सेमेस्टर के बाद मिलेगा मौका
सीबीसीएस आधारित स्नातक पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों को चौथे सेमेस्टर की परीक्षा समाप्त होने के बाद गर्मी की छुट्टियों में इंटर्नशिप पूरी करनी होगी। यदि कोई छात्र इस दौरान इंटर्नशिप नहीं कर पाता है, तो उसे पांचवें सेमेस्टर की समाप्ति से पहले इसे पूरा करना होगा।
छात्रों को मिलेगा काम का अनुभव
इस व्यवस्था से विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान ही विभिन्न संस्थानों में काम करने और वास्तविक परिस्थितियों को समझने का अवसर मिलेगा। इससे उनके कौशल और कार्यक्षमता में सुधार होने की उम्मीद है। विश्वविद्यालयों को भी निर्देश दिया गया है कि वे इंटर्नशिप की व्यवस्था और संस्थानों के चयन में जरूरी सहयोग करें।

0 comments:
Post a Comment