यूपी में 'पंचायत सहायक' की भर्ती, 12वीं पास के लिए खुशखबरी

आगरा। उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। आगरा जिले की 47 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक के खाली पदों को भरने के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई है। इस भर्ती के तहत कुल 47 युवाओं को नौकरी मिलने का मौका है। खास बात यह है कि इसके लिए 12वीं पास उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को हर महीने 9,000 रुपये मानदेय दिया जाएगा।

19 नवंबर तक कर सकते हैं आवेदन

जिला पंचायत राज अधिकारी मनीष कुमार के अनुसार, इच्छुक उम्मीदवार 4 नवंबर से 19 नवंबर तक आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑफलाइन रखी गई है। अभ्यर्थी अपने ग्राम पंचायत सचिवालय, खंड विकास अधिकारी कार्यालय या जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय से निशुल्क फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध नहीं है।

कौन कर सकता है आवेदन?

पंचायत सहायक भर्ती के लिए उम्मीदवार का हाईस्कूल और इंटरमीडिएट पास होना जरूरी है। आवेदक की उम्र 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आवेदन के साथ 10वीं और 12वीं की मार्कशीट, आधार कार्ड और पैन कार्ड की फोटो कॉपी जमा करनी होगी।

मेरिट से होगा चयन

इस भर्ती में किसी लिखित परीक्षा का प्रावधान नहीं है। उम्मीदवारों का चयन हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची के जरिए किया जाएगा। इसके लिए जिलाधिकारी की ओर से कमेटी गठित की गई है। निर्धारित प्राथमिकताओं और आरक्षण के नियमों को भी ध्यान में रखा जाएगा।

15 दिसंबर तक नियुक्ति पत्र

भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य 15 दिसंबर निर्धारित किया गया है। इस तारीख तक चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र सौंपने की योजना है। ग्राम प्रधान की श्रेणी के योग्य उम्मीदवार को प्राथमिकता मिलेगी। इसके अलावा कोविड महामारी में माता-पिता में से किसी एक या दोनों को खोने वाले युवाओं और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवार से जुड़े अभ्यर्थियों को भी नियमानुसार वरीयता दी जाएगी।

0 comments:

Post a Comment