धनतेरस पर सोने-चांदी के भाव में बड़ा बदलाव! खरीदारी से पहले जान लें आज का ताजा रेट

नई दिल्ली। धनतेरस के मौके पर सोने और चांदी की खरीदारी करने वालों के लिए सर्राफा बाजार से अहम खबर सामने आई है। बाजार में लगातार पांचवें दिन सोने की कीमतों में तेजी दर्ज की गई है। पिछले पांच दिनों में 24 कैरेट सोने के 10 ग्राम भाव में कुल 7,150 रुपये और 22 कैरेट सोने में 6,560 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है। वहीं, आज भी दिल्ली में दोनों कैटेगरी के सोने के दाम 10-10 रुपये चढ़े हैं।

सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी तेजी का रुख बना हुआ है। दिल्ली में एक किलो चांदी का भाव 100 रुपये बढ़कर 2,10,100 रुपये पर पहुंच गया है। ऐसे में धनतेरस पर गहने या चांदी के सामान खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए आज के भाव जानना जरूरी है।

दिल्ली से पटना तक सोने के ताजा भाव

देश के प्रमुख शहरों में सोने की कीमतों में मामूली अंतर देखने को मिल रहा है। दिल्ली और लखनऊ में 24 कैरेट सोना 1,46,180 रुपये और 22 कैरेट सोना 1,34,010 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है। वहीं पटना में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,46,080 रुपये और 22 कैरेट का भाव 1,33,910 रुपये है।

मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद में 24 कैरेट सोना 1,46,030 रुपये तथा 22 कैरेट सोना 1,33,860 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। जयपुर में भी दिल्ली के समान भाव हैं, जबकि अहमदाबाद में 24 कैरेट सोना 1,46,080 रुपये और 22 कैरेट 1,33,910 रुपये पर है।

चांदी की कीमतों में भी तेजी

चांदी के बाजार में भी उतार-चढ़ाव जारी है। पिछले दिनों गिरावट के बाद अब लगातार दूसरे दिन इसकी कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। दो दिनों के भीतर चांदी करीब 10,100 रुपये महंगी हो चुकी है। दिल्ली समेत ज्यादातर प्रमुख शहरों में एक किलो चांदी का भाव 2,10,100 रुपये है। हालांकि चेन्नई में इसकी कीमत 2,09,000 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई है।

धनतेरस पर खरीदारी करने से पहले अपने स्थानीय सर्राफा बाजार में भाव जरूर पता कर लें। आभूषणों की अंतिम कीमत में जीएसटी, मेकिंग चार्ज और अन्य शुल्क जुड़ने के कारण अंतर हो सकता है।

0 comments:

Post a Comment