लंबी दूरी की सटीक मारक क्षमता
निर्भय एक सबसोनिक क्रूज मिसाइल है, जिसकी मारक क्षमता लगभग 1000 किलोमीटर तक है। यह मिसाइल अपने लक्ष्य को बेहद सटीकता से भेदने में सक्षम है। इसका उपयोग रणनीतिक (Strategic) और टैक्टिक (Tactic) दोनों ही अभियानों में किया जा सकता है। मिसाइल की गति लगभग 0.7 मैक है, जो इसे दुश्मन की निगरानी से बचाकर कम ऊंचाई पर उड़ने में मदद करती है।
तकनीकी विशेषताएं
लंबाई: 6 मीटर
व्यास: 0.5 मीटर
वजन: 1500-1600 किलोग्राम
आयुध क्षमता: 200 से 300 किलोग्राम तक (परंपरागत और परमाणु हथियारों के साथ)
मार्गदर्शन प्रणाली: जड़त्वीय नेविगेशन प्रणाली (INS) और जीपीएस आधारित
उड़ान विशेषता: दुश्मन के रडार से बचने के लिए बेहद कम ऊंचाई पर उड़ सकती है
निर्भय मिसाइल दुश्मन के इलाके में गहराई तक प्रवेश कर सकती है और उच्च-मूल्य वाले लक्ष्यों को नष्ट करने की क्षमता रखती है। इसके अलावा, यह मिसाइल लक्ष्य पर हमले से पहले उसकी तस्वीरें और वीडियो भेजने की क्षमता भी रखती है, जिससे वास्तविक समय पर निगरानी संभव होती है।
लॉन्चिंग और उपयोग में लचीलापन
निर्भय को विभिन्न प्लेटफार्मों से लॉन्च किया जा सकता है, जिसमें मोबाइल लॉन्चर्स भी शामिल हैं। इसे समुद्र, थल और संभावित रूप से वायु प्लेटफॉर्म से लॉन्च किए जाने के लिए तैयार किया गया है। यह लचीलापन भारतीय सेनाओं को विविध युद्ध परिस्थितियों में इसका उपयोग करने में सक्षम बनाता है।
स्वदेशी शक्ति का प्रतीक है ये मिसाइल
भारत की यह पहली स्वदेशी क्रूज मिसाइल न केवल आत्मनिर्भर भारत की मिसाल है, बल्कि यह देश की रणनीतिक क्षमता में भी महत्वपूर्ण वृद्धि का संकेत है। रक्षा विश्लेषकों के अनुसार, निर्भय की तुलना अमेरिका की अत्याधुनिक टॉमहॉक मिसाइल से की जा सकती है।

0 comments:
Post a Comment