यूपी के 15 लाख कर्मचारियों को भी मिलेगी बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। केंद्र सरकार ने आठवें वेतन आयोग (8th Pay Commission) के गठन को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से राज्य के 15 लाख से अधिक कर्मचारियों और करीब 8 लाख पेंशनरों को भी सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।

कब लागू होगी रिपोर्ट?

वेतन आयोग अब अपनी रिपोर्ट तैयार करेगा, जिसे अगले 18 महीनों में केंद्र सरकार को सौंपा जाएगा। हालांकि, आयोग की सिफारिशें 1 जनवरी 2026 से लागू की जाएंगी। पहले यह व्यवस्था केंद्र सरकार के कर्मचारियों पर लागू होगी, और उसके बाद राज्यों में भी इसे क्रमिक रूप से लागू किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, केंद्र से अधिसूचना जारी होने के बाद राज्य सरकारें अपने स्तर पर प्रस्ताव को कैबिनेट में पेश करेंगी, मंजूरी के बाद कर्मचारियों को संशोधित वेतनमान का लाभ मिल सकेगा।

राज्य के इन कर्मचारियों को पहले लाभ

राज्यों में सबसे पहले उन कर्मचारियों को इसका लाभ मिलेगा, जिनका वेतन राज्य सरकार के बजट से दिया जाता है। इसके बाद क्रमवार विभिन्न निगमों और बोर्डों के कर्मचारियों तक यह लाभ पहुंचाया जाएगा। इससे यूपी के सभी सरकारी विभागों में काम कर रहे कर्मियों को धीरे-धीरे इसका फायदा मिलने लगेगा।

सभी कर्मचारी संगठनों ने जताया स्वागत

आठवें वेतन आयोग की मंजूरी के बाद प्रदेशभर के कर्मचारी संगठनों में खुशी की लहर है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष जे.एन. तिवारी ने कहा कि आयोग की परिधि में वेतन, भत्ते, सेवा संरचना और कार्य परिस्थितियाँ शामिल हैं। यदि सरकार बिना किसी अंशदान के कर्मचारियों को पेंशन सुविधा देने पर विचार करती है, तो यह कदम पुरानी पेंशन योजना की वापसी जैसा ही होगा।

वहीं, प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षित स्नातक एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने कहा कि वेतन आयोग हर 10 वर्ष में गठित होता है और इससे आमतौर पर 25 से 30 प्रतिशत तक वेतन वृद्धि होती है। इससे न केवल आर्थिक राहत मिलेगी बल्कि कर्मचारियों का मनोबल भी बढ़ेगा।

नए वेतन आयोग का आर्थिक और सामाजिक असर

विशेषज्ञों का मानना है कि वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने से कर्मचारियों की क्रय शक्ति बढ़ेगी, जिससे बाजार में मांग और खपत में इजाफा होगा। साथ ही, इससे राज्य की अर्थव्यवस्था को भी अप्रत्यक्ष रूप से मजबूती मिलेगी।

0 comments:

Post a Comment