इस सड़क के चौड़ीकरण से इस इलाके में लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है। यह मार्ग बांदा, फतेहपुर के ललौली क्षेत्र से होकर कानपुर की ओर जाता है और रोजाना हजारों वाहनों की आवाजाही का प्रमुख रास्ता है।
बाजार और कस्बों में लगने वाले जाम से मिलेगी राहत
बांदा–बहराइच स्टेट हाईवे के किलोमीटर 284 से 301 के बीच पपरेंदा, अतरहट, बगिया, पलरा, सहूरपुर, घूरा, दोहतरा, बच्चा डेरा, तारा और चिल्ला जैसे गांव और कस्बे आते हैं। सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण यहां आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती थी। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से आने-जाने वाले यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
136 करोड़ से ज्यादा की लागत
इस सड़क परियोजना पर कुल 136.91 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य के लिए पहली किस्त के रूप में 49.93 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है। इसके तहत सड़क का चौड़ीकरण, डिवाइडर, बेहतर ड्रेनेज और सुंदरीकरण का काम भी किया जाएगा।
कई जिलों को होगा सीधा फायदा
सड़क के फोरलेन बनने से बांदा, हमीरपुर, महोबा और चित्रकूट जिलों के साथ-साथ मध्य प्रदेश के सतना और पन्ना से आने-जाने वाले वाहनों का सफर आसान हो जाएगा। इससे यात्रा का समय घटेगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और क्षेत्रीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।

0 comments:
Post a Comment