नया महीना, नए नियम: 1 फरवरी से लागू होंगे 6 बड़े बदलाव

नई दिल्ली। जनवरी का महीना खत्म होते ही फरवरी 2026 कई बड़े बदलावों के साथ दस्तक देने वाला है। इस बार नए महीने की शुरुआत आम लोगों के लिए बेहद अहम रहने वाली है, क्योंकि 1 फरवरी से बजट के साथ-साथ रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई नियम बदल जाएंगे। इनका असर सीधा आपकी जेब, घर के खर्च, टैक्स प्लानिंग, निवेश और सरकारी योजनाओं पर पड़ेगा।

गैस सिलेंडर, ईंधन के दाम, शेयर बाजार, बैंकिंग नियम, किसानों और सरकारी कर्मचारियों से जुड़ी खबरें—हर वर्ग के लिए फरवरी कुछ न कुछ नया लेकर आ रही है। आइए जानते हैं 1 फरवरी 2026 से लागू होने वाले 6 बड़े बदलाव, जिनकी जानकारी आपको पहले से होनी चाहिए।

नया महीना, नए नियम: 1 फरवरी से लागू होंगे 6 बड़े बदलाव

1. 1 फरवरी को पेश होगा आम बजट 2026

1 फरवरी 2026 को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में देश का आम बजट पेश करेंगी। यह उनका लगातार नौवां बजट होगा। बजट को लेकर नौकरीपेशा लोगों, टैक्सपेयर्स, किसानों और निवेशकों की उम्मीदें काफी ज्यादा हैं। खासतौर पर इनकम टैक्स को सरल और राहतभरा बनाने पर सभी की नजरें टिकी हैं।

2. इनकम टैक्स में राहत की उम्मीद

बजट 2026 में इनकम टैक्स नियमों में बदलाव की पूरी संभावना है। सैलरीड क्लास चाहता है कि नई टैक्स रिजीम में भी NPS, हेल्थ इंश्योरेंस और होम लोन जैसी छूट मिले। साथ ही टैक्स रिटर्न फाइल करने की प्रक्रिया को और आसान बनाया जाए। कैपिटल गेन टैक्स को लेकर भी स्पष्टता की उम्मीद है।

3. बजट के दिन खुला रहेगा शेयर बाजार

हालांकि 1 फरवरी 2026 को रविवार है, लेकिन बजट के चलते NSE और BSE खुले रहेंगे। शेयर बाजार सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक सामान्य समय पर खुलेगा। बजट सुबह 11 बजे पेश होगा, जिससे बाजार में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।

4. LPG सिलेंडर की नई कीमतें

हर महीने की तरह 1 फरवरी को LPG सिलेंडर के नए रेट जारी होंगे। घरेलू और कमर्शियल दोनों सिलेंडरों की कीमतों में बदलाव संभव है। खासकर 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम घटते-बढ़ते रहे हैं, जिससे रेस्टोरेंट और व्यापारियों का खर्च प्रभावित होता है।

5. CNG, PNG और ATF के दामों में बदलाव

LPG के साथ-साथ CNG, PNG और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतें भी 1 फरवरी से बदलेंगी। CNG और PNG महंगे होने पर आम लोगों का ट्रैवल और घरेलू बजट प्रभावित होगा, वहीं ATF के दाम बदलने से हवाई टिकट सस्ते या महंगे हो सकते हैं।

6. सिगरेट, पान मसाला और तंबाकू होंगे महंगे

तंबाकू और पान मसाला उत्पादों का इस्तेमाल करने वालों को फरवरी से झटका लग सकता है। सरकार इन पर अतिरिक्त टैक्स और उपकर लगाने की तैयारी में है। GST के अलावा हेल्थ और नेशनल सिक्योरिटी से जुड़ा टैक्स भी बढ़ सकता है, जिससे इनकी कीमतें और ऊपर जा सकती हैं।

0 comments:

Post a Comment