बिहार में 6000 करोड़ का स्टील प्लांट, रोजगार और विकास की नई लहर!

पटना। बिहार में उद्योग और निवेश के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। स्टील उद्योग के प्रमुख नाम सुपर शक्ति और अवध स्टील ने राज्य में अपने निवेश का फैसला किया है। सोमवार को दोनों कंपनियों के प्रबंध निदेशक दीपक अग्रवाल ने बिहार के उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल से मुलाकात कर राज्य में एक मॉडर्न स्टील प्लांट स्थापित करने का प्रस्ताव रखा।

6000 करोड़ का मेगा प्रोजेक्ट

दीपक अग्रवाल ने मंत्री को बताया कि इस परियोजना पर करीब 6000 करोड़ रुपये का निवेश होगा। प्लांट में स्टील उत्पादन की आधुनिक और उन्नत तकनीक का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने बिहार के निवेश-फ्रेंडली माहौल और राज्य सरकार की नीतियों पर भरोसा जताया और इस परियोजना की रूपरेखा साझा की।

राज्य सरकार का सहयोग

उद्योग मंत्री डॉ. जायसवाल ने इस निवेश का स्वागत करते हुए कहा कि बिहार अब बड़े निवेशकों के लिए सुरक्षित और भरोसेमंद राज्य बन गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस परियोजना को जमीन पर उतारने के लिए राज्य सरकार हर संभव मदद और सुविधाएं मुहैया कराएगी। मंत्री ने कहा कि सरकार की नीतियां व्यापार और निवेश के अनुकूल हैं, और राज्य में बुनियादी ढांचे में भी सुधार हुआ है।

रोजगार और अर्थव्यवस्था को फायदा

इस बड़े स्टील प्लांट के स्थापित होने से राज्य में हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। इसके अलावा, छोटे और मझोले उद्योगों को भी विकास का अवसर मिलेगा। विशेषज्ञ इसे बिहार को मैन्यूफैक्चरिंग हब बनाने की दिशा में अब तक का सबसे बड़ा कदम मान रहे हैं।

यह निवेश न केवल राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगा, बल्कि बिहार को उद्योग और रोजगार के लिए अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में भी अहम साबित होगा।

0 comments:

Post a Comment