कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, अप्रैल में शुरू हो सकती है नई सर्विस

नई दिल्ली। देशभर के करोड़ों कर्मचारियों के लिए एक अहम सुविधा जल्द शुरू हो सकती है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने सदस्यों को भविष्य निधि (EPF) खाते से सीधे UPI के जरिए पैसा निकालने की सुविधा देने की तैयारी में है। संभावना है कि यह नई व्यवस्था अप्रैल से लागू की जा सकती है।

UPI से सीधे बैंक खाते में पहुंचेगा पैसा

नई प्रणाली के तहत सदस्य अपने EPF खाते से उपलब्ध राशि का 75 प्रतिशत तक हिस्सा तुरंत निकाल सकेंगे। निकासी की गई रकम सीधे उनके लिंक्ड बैंक खाते में ट्रांसफर होगी। इसके लिए सदस्य को EPFO पोर्टल या UMANG ऐप पर लॉगिन करना होगा।  लॉगिन के बाद सदस्य को वैध कारण जैसे बीमारी, शिक्षा, विवाह या मकान चुनकर निकासी का अनुरोध करना होगा। ट्रांजैक्शन को पूरा करने के लिए UPI पिन से सत्यापन किया जाएगा, जिसके बाद राशि सीधे खाते में जमा हो जाएगी।

टेस्टिंग चरण में नई व्यवस्था

फिलहाल EPFO इस सिस्टम की तकनीकी जांच कर रहा है। करीब 100 डमी अकाउंट के जरिए परीक्षण किया जा रहा है, ताकि लॉन्च से पहले किसी प्रकार की तकनीकी समस्या न रहे। नई सुविधा UAN पोर्टल से भी जुड़ी रहेगी, जिससे सदस्यों को एकीकृत डिजिटल अनुभव मिलेगा।

पहले से तेज होगा भुगतान

अभी EPFO का ऑटो-सेटलमेंट सिस्टम 5 लाख रुपये तक के दावों का निपटान लगभग तीन दिन में करता है। लेकिन UPI आधारित सिस्टम लागू होने के बाद दावा निपटान की प्रक्रिया लगभग तत्काल हो सकती है। इससे कर्मचारियों को आपात स्थिति में तुरंत आर्थिक सहायता मिल सकेगी।

निकासी के मौजूदा नियम

मौजूदा नियमों के अनुसार सदस्य अपने EPF खाते से 75 प्रतिशत तक राशि निकाल सकते हैं। पूरी रकम तभी निकाली जा सकती है, जब व्यक्ति कम से कम एक वर्ष से बेरोजगार हो। नई डिजिटल सुविधा इन नियमों में बदलाव नहीं करेगी, बल्कि प्रक्रिया को सरल और तेज बनाएगी।

पासबुक बैलेंस भी होगा उपलब्ध

नई व्यवस्था के जरिए सदस्य अपने EPF पासबुक का बैलेंस भी आसानी से देख सकेंगे। हर साल EPFO 5 करोड़ से अधिक निकासी दावों का निपटान करता है। ऐसे में UPI आधारित प्रणाली से पारदर्शिता बढ़ेगी और समय की बचत होगी।

कर्मचारियों को मिलेगा बड़ा लाभ

डिजिटल इंडिया की दिशा में यह एक और बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे न केवल प्रक्रिया सरल होगी, बल्कि कर्मचारियों को लंबी प्रतीक्षा से भी राहत मिलेगी। अगर यह सुविधा तय समय पर शुरू होती है, तो लाखों परिवारों को आर्थिक जरूरत के समय तुरंत मदद मिल सकेगी।

0 comments:

Post a Comment