हाईवे की विशेषताएं और मार्ग
यह नया हाईवे उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को कानपुर होते हुए मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से जोड़ेगा। वर्तमान में लखनऊ से भोपाल की दूरी लगभग 600 किलोमीटर है, जिसे तय करने में 12 से 14 घंटे लगते हैं। नए हाईवे के पूरा होने के बाद यह सफर सिर्फ 7 घंटे में तय किया जा सकेगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 5757 करोड़ रुपये है।
यह हाईवे कानपुर नगर, कानपुर देहात, हमीरपुर और महोबा जिलों से गुजरेगा और आगे सागर हाईवे से जुड़कर पूरे आर्थिक गलियारे को और मजबूत करेगा।
औद्योगिक और आर्थिक फायदे
इस ग्रीनफील्ड हाईवे की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसके दोनों ओर विशेष औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य लॉजिस्टिक नेटवर्क को और मजबूत करना है, ताकि कच्चा माल समय पर औद्योगिक इकाइयों तक पहुंच सके और तैयार उत्पाद आसानी से बाजारों तक पहुंचें।
क्षेत्रीय विकास और कनेक्टिविटी
एनएचएआई के परियोजना निदेशक पंकज यादव के अनुसार, यह हाईवे भारतमाला परियोजना का अहम हिस्सा है और लखनऊ-भोपाल के बीच बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित करेगा। हाईवे के बनने से समय और ईंधन की बचत होगी, और पूरे कॉरिडोर में आर्थिक गतिविधियों को तेजी मिलेगी।
इस परियोजना के पूरा होने के बाद कानपुर क्षेत्रीय ट्रांसपोर्ट हब के रूप में और मजबूत होगा और उत्तर प्रदेश के औद्योगिक और व्यापारिक विकास को नई गति मिलेगी।
.png)
0 comments:
Post a Comment