आयोग का गठन और समयसीमा
केंद्र सरकार ने नवंबर 2025 में 8वें वेतन आयोग का गठन किया था। इस आयोग को अपनी सिफारिशें देने के लिए करीब 18 महीने का समय दिया गया है। यानी संभावना है कि आयोग 2027 के मध्य तक अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप देगा। हालांकि, इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि रिपोर्ट आते ही कर्मचारियों की सैलरी तुरंत बढ़ जाएगी। सिफारिशों के बाद भी कई प्रशासनिक और वित्तीय प्रक्रियाएं पूरी करनी होती हैं।
क्या 2027 से मिलेगी बढ़ी हुई सैलरी?
कई कर्मचारियों के मन में यह सवाल है कि क्या मई 2027 से नई सैलरी लागू हो जाएगी। सरकार के अनुसार, ऐसा जरूरी नहीं है। आयोग की रिपोर्ट मिलने के बाद सरकार उसे परखेगी, उसके वित्तीय प्रभाव का आकलन करेगी और फिर अंतिम निर्णय लेगी। इसके बाद ही नई सैलरी और पेंशन लागू हो पाएगी।
कब से लागू हो सकता है नया वेतनमान?
मौजूदा संकेतों के मुताबिक, संशोधित वेतनमान 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जा सकता है। हालांकि, व्यवहार में कर्मचारियों के खातों में बढ़ी हुई सैलरी संभवतः 2026 के अंत या 2026-27 के दौरान ही आ पाएगी। इसका मतलब यह है कि अगर लागू होने में देरी होती है, तो कर्मचारियों को एरियर (बकाया राशि) मिलने की संभावना भी रहेगी।
कितनी हो सकती है सैलरी में बढ़ोतरी?
अब तक सरकार की ओर से वेतन वृद्धि के प्रतिशत को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन पिछले वेतन आयोगों को देखें तो एक अंदाजा लगाया जा सकता है। 6ठे वेतन आयोग में औसतन करीब 40% बढ़ोतरी हुई थी। 7वें वेतन आयोग में यह वृद्धि लगभग 23-25% के आसपास रही थी। इसी आधार पर माना जा रहा है कि इस बार भी वेतन में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हो सकती है, हालांकि अंतिम आंकड़ा आयोग की सिफारिशों पर ही निर्भर करेगा।
कर्मचारियों के लिए सुझाव देने की प्रक्रिया पूरी
इस बार वेतन आयोग ने कर्मचारियों, पेंशनर्स और विभिन्न संगठनों से सुझाव लेने की प्रक्रिया भी अपनाई। इसके लिए एक विस्तृत प्रश्नावली जारी की गई थी, जिसमें कई अहम बिंदुओं पर राय मांगी गई। सुझाव भेजने की अंतिम तारीख 31 मार्च 2026 तय की गई थी, जिसके बाद अब आयोग इन सुझावों का विश्लेषण करेगा।

0 comments:
Post a Comment