बिहार में नई रेल लाइन के लिए टेंडर जारी, इन जिलों को खुशखबरी!

न्यूज डेस्क। बिहार और आसपास के इलाकों के लिए रेलवे ने एक अहम पहल की है, जिससे न केवल ट्रेनों का संचालन बेहतर होगा बल्कि कई जिलों को सीधा फायदा भी मिलेगा। पूर्व मध्य रेलवे ने ट्रैफिक दबाव कम करने और माल ढुलाई को सुगम बनाने के उद्देश्य से नई रेल लाइन के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया है।

यह परियोजना खास तौर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए तैयार की गई है, जो देश के सबसे व्यस्त रेलवे जंक्शनों में से एक माना जाता है।

क्या है पूरा प्रोजेक्ट?

रेलवे की इस योजना के तहत एक नई ब्रॉड गेज लाइन बनाई जाएगी, जो डीडीयू-दानापुर रेलखंड को डीडीयू-गया लाइन से जोड़ेगी। यह लाइन बाईपास के रूप में काम करेगी, जिससे कई ट्रेनें मुख्य यार्ड में आए बिना ही अपने गंतव्य की ओर बढ़ सकेंगी। इस नई लाइन की लंबाई करीब 2.6 किलोमीटर होगी और इसे बनाने में लगभग 11.5 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। निर्माण कार्य को छह महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

किन जिलों को मिलेगा फायदा?

इस परियोजना का असर सीधे तौर पर बक्सर, सासाराम, भभुआ (कैमूर) और गया जैसे जिलों पर पड़ेगा। इन इलाकों के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रा पहले से ज्यादा आसान हो जाएगी।

बक्सर पावर प्लांट के लिए बड़ी राहत

नई रेल लाइन का सबसे बड़ा फायदा बक्सर के ताप बिजली घर को मिलने वाला है। अब कोयले से लदी मालगाड़ियों को डीडीयू जंक्शन के भीड़भाड़ वाले यार्ड में प्रवेश करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वे सीधे बाईपास के जरिए प्लांट तक पहुंच सकेंगी, जिससे समय की बचत होगी और सप्लाई बिना रुकावट जारी रहेगी।

ट्रेन संचालन होगा और सुगम आएगी

वर्तमान में डीडीयू जंक्शन पर रोजाना सैकड़ों यात्री और मालगाड़ियां गुजरती हैं, जिससे वहां काफी दबाव बना रहता है। इस नई लाइन के शुरू होने के बाद ट्रैफिक का बड़ा हिस्सा बाईपास से गुजर सकेगा, जिससे मुख्य लाइन पर भीड़ कम होगी और ट्रेनें समय पर चल सकेंगी।

भविष्य में लोकल ट्रेन की संभावनाएं

इस बाईपास लाइन के बनने से भविष्य में बक्सर, सासाराम, गया, आरा और बिहटा जैसे क्षेत्रों को जोड़ने वाली लोकल ट्रेन सेवा शुरू करने की संभावनाएं भी बढ़ जाएंगी। इससे क्षेत्रीय यात्रियों को काफी सुविधा मिल सकती है। नई रेल लाइन केवल परिवहन का साधन नहीं है, बल्कि यह पूरे इलाके के विकास में भी मददगार साबित होगी।

0 comments:

Post a Comment