बिहार के किसानों को खुशखबरी! मछली पालन शुरू करें, सरकार देगी 4.40 लाख रुपये तक सहायता

न्यूज डेस्क। बिहार सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। इसी कड़ी में अब मछली पालन को बढ़ावा देने के लिए एक खास पहल की गई है, जिसके तहत किसानों को लाखों रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। खास बात यह है कि यह योजना समाज के अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़े वर्ग के लोगों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।

क्या है यह योजना?

राज्य सरकार के पशु एवं मत्स्य विभाग द्वारा चलाई जा रही “मुख्यमंत्री तालाब मत्स्य विकास योजना” का उद्देश्य किसानों को अपनी जमीन पर तालाब बनाकर मछली पालन के लिए प्रोत्साहित करना है। इससे न सिर्फ उनकी आमदनी बढ़ेगी, बल्कि गांव स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

कहां शुरू हुआ काम?

लखीसराय जिले में इस योजना को तेजी से लागू किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए यहां 11 किसानों को योजना का लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है। चयनित लाभुकों की जमीन पर तालाब निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है। जिला स्तर पर अधिकारियों के अनुसार, कई परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है और समय-समय पर इसकी निगरानी भी की जा रही है, ताकि योजना का लाभ सही लोगों तक पहुंचे।

कितनी मिलेगी आर्थिक मदद?

इस योजना के तहत किसानों को कुल मिलाकर करीब 5.72 लाख रुपये की परियोजना पर काम करना होगा। इसमें सरकार की ओर से 70% तक अनुदान दिया जाएगा, जो लगभग 4.40 लाख रुपये बनता है।

खर्च का पूरा विवरण:

तालाब निर्माण: ₹2.28 लाख

बोरिंग व पंप सेट: ₹1.20 लाख

एरियेटर मशीन: ₹50 हजार

तालाब किनारे शेड: ₹1 लाख

मछली पालन के इनपुट (चारा, दवा आदि): ₹64 हजार

अन्य खर्च: ₹10 हजार

योजना पूरी होने के बाद सब्सिडी की राशि सीधे किसान को दी जाएगी।

0 comments:

Post a Comment