कब तक आएंगी सिफारिशें
सरकार ने 3 नवंबर 2025 को 8वें वेतन आयोग का गठन किया था। आयोग को अपनी सिफारिशें देने के लिए करीब 18 महीने का समय दिया गया है। यानी अनुमान लगाया जा रहा है कि यह प्रक्रिया 2027 के मध्य तक पूरी हो सकती है।
क्या मई 2027 से मिलेगा फायदा?
कई कर्मचारियों के बीच यह चर्चा है कि क्या सिफारिशें आते ही तुरंत बढ़ी हुई सैलरी और पेंशन मिलने लगेगी। लेकिन सरकार ने साफ किया है कि ऐसा जरूरी नहीं है। आयोग अपनी रिपोर्ट देगा, उसके बाद सरकार उस पर विचार करेगी और मंजूरी मिलने के बाद ही नई व्यवस्था लागू होगी।
लागू होने की संभावित तारीख
मौजूदा जानकारी के अनुसार संशोधित वेतनमान 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जा सकता है। हालांकि, वास्तविक भुगतान में देरी संभव है, जैसा कि पिछले वेतन आयोगों में भी देखा गया है। ऐसे में बढ़ी हुई सैलरी कर्मचारियों को कुछ समय बाद मिल सकती है।
एरियर मिलने की उम्मीद
अगर संशोधित वेतन 1 जनवरी 2026 से लागू माना जाता है, तो कर्मचारियों को बकाया राशि (एरियर) मिलने की पूरी संभावना है। इसका मतलब यह हुआ कि देरी से लागू होने के बावजूद कर्मचारियों को पिछली अवधि का पैसा एक साथ मिल सकता है।
कितनी बढ़ सकती है सैलरी
अभी तक वेतन बढ़ोतरी को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा सामने नहीं आया है। लेकिन पुराने ट्रेंड्स को देखें तो उम्मीद की जा रही है कि सैलरी में अच्छा खासा इजाफा हो सकता है। पिछले वेतन आयोगों में भी कर्मचारियों को उल्लेखनीय बढ़ोतरी मिली थी।
सुझाव देने की प्रक्रिया पूरी होने वाली
वेतन आयोग ने कर्मचारियों, संगठनों और अन्य हितधारकों से सुझाव भी मांगे थे। इसके लिए एक विस्तृत प्रश्नावली जारी की गई थी, जिसकी अंतिम तारीख अब खत्म होने वाली है। इसके बाद आयोग इन सुझावों के आधार पर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगा।

0 comments:
Post a Comment