बिहार में लगेगा ‘Agro Bihar’ मेला', किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी

पटना। बिहार में खेती को आधुनिक बनाने और किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में राज्य का कृषि विभाग 12 से 15 मार्च तक पटना के प्रसिद्ध गांधी मैदान में राज्यस्तरीय कृषि यांत्रिकरण मेला सह प्रदर्शनी Agro Bihar–2026 का आयोजन करने जा रहा है। चार दिनों तक चलने वाला यह मेला किसानों के लिए आधुनिक कृषि यंत्रों, नई तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा।

कई राज्यों के निर्माता करेंगे भागीदारी

बिहार सरकार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव  के अनुसार इस मेले में देश की कई बड़ी कृषि यंत्र निर्माता कंपनियां अपनी अत्याधुनिक मशीनों और तकनीकों का प्रदर्शन करेंगी। इससे किसानों को एक ही स्थान पर कई कंपनियों के आधुनिक उपकरण देखने और उनके बारे में जानकारी हासिल करने का मौका मिलेगा।

3.25 लाख वर्ग फीट क्षेत्र में लगेगा मेला

यह कृषि मेला लगभग 3.25 लाख वर्ग फीट क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा। इसमें 100 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां अलग-अलग विभाग और कंपनियां अपनी तकनीक और योजनाओं की जानकारी देंगी। मेले में खाद्य प्रसंस्करण, पशु एवं मत्स्य संसाधन, गन्ना उद्योग, उद्योग विभाग, सहकारिता विभाग और COMFED जैसे संस्थान भी भाग लेंगे। इसके साथ ही आगंतुकों के लिए बिहारी व्यंजनों से सजा विशेष फूड कोर्ट भी बनाया जाएगा।

किसान पाठशाला में मिलेगी आधुनिक खेती की जानकारी

मेले के दौरान प्रतिदिन किसान पाठशाला का आयोजन किया जाएगा। इसमें कृषि विशेषज्ञ किसानों को आधुनिक खेती के तरीकों, उन्नत बीजों और कृषि यंत्रों के सही उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे। इसके अलावा राज्य के विभिन्न कृषि महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भी इस मेले का भ्रमण कराया जाएगा ताकि वे नई तकनीकों और उपकरणों के बारे में सीख सकें।

0 comments:

Post a Comment