पंचायत स्तर पर बनेगा विवाह मंडप
सरकार की योजना के अनुसार हर पंचायत में एक आधुनिक विवाह मंडप का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए पंचायतों में उपयुक्त भूमि की पहचान की जा रही है। कई जिलों में इस प्रक्रिया की शुरुआत हो चुकी है और कई पंचायतों से भूमि चयन की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी जा चुकी है। बाकी पंचायतों में भी जमीन चिन्हित करने का काम तेजी से चल रहा है।
निर्माण से पहले तीन स्तरों पर जांच
विवाह मंडप के निर्माण में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पंचायती राज विभाग ने त्रिस्तरीय जांच व्यवस्था लागू की है। सबसे पहले तकनीकी सहायक और कनीय अभियंता स्थल का निरीक्षण कर निर्माण का प्रारंभिक प्राक्कलन तैयार करेंगे। इसके बाद सहायक अभियंता और कार्यपालक अभियंता उस प्रस्ताव की जांच करेंगे। अंत में अधीक्षण अभियंता द्वारा अंतिम तकनीकी स्वीकृति दी जाएगी।
गरीब परिवारों को बड़ा सहारा
ग्रामीण क्षेत्रों में कई गरीब परिवार आर्थिक तंगी के कारण बेटियों की शादी के लिए उचित स्थान की व्यवस्था नहीं कर पाते। ऐसे में यह विवाह मंडप उनके लिए एक बड़ी राहत साबित होंगे। यहां शादी समारोह निःशुल्क या बहुत कम शुल्क पर आयोजित किए जा सकेंगे। इससे शादी के खर्च में कमी आएगी और परिवारों पर आर्थिक बोझ भी कम होगा।
जीविका समूह संभालेंगे प्रबंधन
इन विवाह मंडपों का संचालन और देखरेख जीविका समूहों के माध्यम से की जाएगी। इससे स्थानीय महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। साथ ही मंडप का रखरखाव भी बेहतर तरीके से हो सकेगा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना सिर्फ एक भवन निर्माण योजना नहीं है, बल्कि यह सामाजिक सम्मान और सुरक्षा से जुड़ी पहल है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बेटियों की शादी के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण मिलेगा और गरीब परिवारों को आर्थिक राहत भी मिलेगी।
.png)
0 comments:
Post a Comment