बिहार में बनेंगे 2 ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, इन जिलों को बड़ी खुशखबरी

पटना। बिहार में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के लिए सरकार एक बड़ा कदम उठा रही है। राज्य में दो नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित करने की योजना पर काम तेज कर दिया गया है। इसके तहत सोनपुर और सुल्तानगंज में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के विकास की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।

इस परियोजना को लेकर बिहार नागरिक उड्डयन विभाग ने विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार करने के लिए कंसल्टेंट चयन से जुड़ी निविदा प्रक्रिया में संशोधन किया है।

निविदा प्रक्रिया में किया गया संशोधन

विभाग की ओर से 5 फरवरी 2026 को जारी अनुरोध प्रस्ताव (RFP) के बाद संभावित बोलीदाताओं से कई सवाल और सुझाव प्राप्त हुए थे। इनकी समीक्षा करने के बाद विभाग ने निविदा प्रक्रिया में कुछ बदलाव करते हुए कोरिजेंडम जारी किया है। 

संशोधन के तहत अब निविदा जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पहले यह तारीख 27 फरवरी 2026 तय की गई थी, जिसे बढ़ाकर 12 मार्च 2026 कर दिया गया है। इसके साथ ही तकनीकी निविदा खोलने की तारीख भी बदली गई है। पहले इसे 10 मार्च को खोला जाना था, लेकिन अब इसे 13 मार्च को खोला जाएगा।

17 मार्च को होगी तकनीकी प्रस्तुति

जानकारी के अनुसार, चयन प्रक्रिया के अगले चरण में तकनीकी प्रस्तुति आयोजित की जाएगी। यह प्रस्तुति 17 मार्च को पटना स्थित नागरिक उड्डयन विभाग के सिविल कॉन्फ्रेंस हॉल, एयरपोर्ट रोड में आयोजित होगी। इस दौरान चयनित कंपनियां एयरपोर्ट के विकास से जुड़ी अपनी तकनीकी योजनाएं और प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगी।

क्षेत्रीय विकास को मिलेगा बढ़ावा

राज्य सरकार का उद्देश्य इन दोनों स्थानों पर आधुनिक सुविधाओं से लैस ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित करना है। इससे न केवल हवाई यात्रा की सुविधा बढ़ेगी बल्कि क्षेत्रीय कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। इन एयरपोर्ट के बनने से पर्यटन, व्यापार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही आसपास के जिलों के लोगों को भी हवाई यात्रा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

0 comments:

Post a Comment